AI Video Controversy: बिहार की सियासत में एक AI जनरेटेड वीडियो ने बड़ा राजनीतिक भूचाल ला दिया है। यह वीडियो बिहार कांग्रेस ने अपने आधिकारिक X (पूर्व ट्विटर) हैंडल से पोस्ट किया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां हीराबेन से मिलती-जुलती महिला को दिखाया गया है। वीडियो में वे पीएम से कहती हैं “राजनीति के लिए कितना गिरोगे?”

यह वीडियो आने के कुछ घंटे के भीतर ही भाजपा नेताओं का तीखा रिएक्शन सामने आ गया। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि, “जैसे उनकी नकली मां है, वैसे ही दूसरों की मां का भी अपमान कर रहे हैं। कांग्रेस अब पूरी तरह से बौखला चुकी है।”

https://twitter.com/i/status/1965757886778511475
वीडियो में क्या है?
36 सेकंड के इस AI जनरेटेड वीडियो का शीर्षक है: “साहब के सपनों में आईं मां।” इसमें एक पुरुष पात्र (पीएम मोदी से मिलते-जुलते) के सपने में एक बुजुर्ग महिला (हीराबेन जैसी दिखने वाली) आती हैं और कहती हैं: “पहले तुमने मुझे नोटबंदी की लाइनों में खड़ा किया। मेरे पैर धोने की रील्स बनाई। अब मेरे नाम पर बिहार में राजनीति कर रहे हो? कितना गिरोगे?”
बीजेपी का कड़ा विरोध
बीजेपी ने इस वीडियो को “नैतिकता की सारी सीमाएं पार करने वाला” करार दिया है। बीजेपी प्रवक्ता अरविंद सिंह ने कहा, “कांग्रेस को मां-बेटे की भावना की कोई कद्र नहीं। एक दिवंगत महिला की छवि को इस तरह पेश करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है।”
गिरिराज सिंह ने कहा:”ऐसे वीडियो कांग्रेस की नैतिक गिरावट को दर्शाते हैं। इस पर फ्रॉड और साइबर क्राइम के तहत केस दर्ज होना चाहिए। राहुल गांधी मानसिक रूप से टूट चुके हैं और हताशा में ऐसी घिनौनी राजनीति कर रहे हैं।”
JDU और RJD की अलग-अलग प्रतिक्रिया
जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा “हार की बौखलाहट में कांग्रेस ने दिवंगत माताजी का भी अपमान कर डाला। ये वीडियो नैतिक पतन का प्रमाण है।”
वहीं राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा: “BJP बिहार की जमीनी हकीकत से ध्यान भटकाने के लिए इमोशनल कार्ड खेल रही है। बिहार में जो अत्याचार, बेरोजगारी और महिलाओं के खिलाफ अपराध हो रहे हैं, उन पर चुप्पी क्यों?”
AI वीडियो की शुरुआत किसने की?
दिलचस्प बात यह है कि इस विवाद से करीब 12 घंटे पहले ही बिहार बीजेपी ने भी एक AI वीडियो शेयर किया था जिसमें राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को सीएम-पीएम की बहस करते हुए दिखाया गया था। अब कांग्रेस के वीडियो के बाद बीजेपी ने पलटवार करते हुए कहा “कांग्रेस ने पीएम मोदी की दिवंगत माताजी का मजाक उड़ाया है। ये राजनीतिक नहीं, संस्कृति पर हमला है।”
AI तकनीक के जरिए राजनीतिक व्यंग्य और कटाक्ष अब भारतीय राजनीति का नया हथियार बन चुका है। लेकिन जब बात व्यक्तिगत और पारिवारिक सम्मान तक पहुंचती है, तो सियासत संवेदनशीलता और मर्यादा की मांग करती है। कांग्रेस के इस वीडियो ने न सिर्फ राजनीति में नैतिकता की बहस को छेड़ दिया है, बल्कि कानूनी और सामाजिक कार्रवाई की मांग भी जोर पकड़ रही है।










