Trump Olympic 2028 : 2028 समर ओलंपिक और पैरालंपिक की तैयारियों को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक अहम कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करने वाले हैं। यह आदेश विशेष रूप से ओलंपिक से जुड़े सुरक्षा और प्रशासनिक मामलों को देखरेख के लिए ‘व्हाइट हाउस ओलंपिक टास्क फोर्स’ के गठन से संबंधित होगा। अधिकारियों ने बताया कि यह टास्क फोर्स विभिन्न सरकारी एजेंसियों और विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने का कार्य करेगी, जिससे लॉस एंजेलिस में होने वाले इस मेगा इवेंट का आयोजन सुचारू रूप से हो सके।

पहले कार्यकाल से ओलंपिक से जुड़ी ट्रंप की भूमिका रही है अहम: प्रेस सचिव
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने जानकारी दी कि ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल में लॉस एंजेलिस के लिए 2028 ओलंपिक की मेजबानी सुरक्षित करने में बड़ी भूमिका निभाई थी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप इस आयोजन को “इतिहास में सबसे रोमांचक और यादगार ओलंपिक” बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं और इसकी सीधी निगरानी स्वयं कर रहे हैं।

ट्रंप को अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों से खास लगाव
राष्ट्रपति ट्रंप अपने दूसरे कार्यकाल में आयोजित होने जा रहे इस ओलंपिक को एक बड़े सम्मान के रूप में देख रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि ट्रंप हमेशा से अमेरिका में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को लेकर उत्साही रहे हैं। वे पहले भी फीफा वर्ल्ड कप 2026 और क्लब वर्ल्ड कप को लेकर उत्साह व्यक्त कर चुके हैं।
फीफा विश्व कप के लिए भी बन चुकी है टास्क फोर्स
ट्रंप प्रशासन ने इस वर्ष की शुरुआत में 2026 में अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में होने वाले फीफा वर्ल्ड कप के आयोजन के लिए भी एक टास्क फोर्स का गठन किया था। इस टास्क फोर्स की कमान ट्रंप के करीबी सहयोगी और न्यूयॉर्क के पूर्व मेयर रूडी गिउलिआनी के बेटे एंड्रयू गिउलिआनी को सौंपी गई थी। इसका उद्देश्य विभिन्न सरकारी इकाइयों के बीच समन्वय को बेहतर बनाना था ताकि विश्व कप और फीफा क्लब वर्ल्ड कप दोनों का आयोजन विश्व स्तरीय स्तर पर संभव हो सके।
ओलंपिक और वर्ल्ड कप में भारी दर्शक संख्या की उम्मीद
व्हाइट हाउस टास्क फोर्स न केवल सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि पर्यटन, आवागमन, इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य सेवाओं से जुड़े विभागों में तालमेल भी बनाएगी। माना जा रहा है कि ओलंपिक और फीफा विश्व कप दोनों में दुनियाभर से लाखों दर्शक अमेरिका का रुख करेंगे, ऐसे में ट्रंप सरकार इन आयोजनों को लेकर कोई ढील नहीं छोड़ना चाहती।
राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा प्रस्तावित टास्क फोर्स का उद्देश्य 2028 समर ओलंपिक और अन्य अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को सफल और सुरक्षित बनाना है। इससे स्पष्ट है कि ट्रंप सरकार खेल कूटनीति को भी अपनी वैश्विक रणनीति का अहम हिस्सा मानती है।
Read more : India vs Trump : भारत का ट्रंप को करारा जवाब: “आरोप लगाने वाले पहले खुद को देखें”










