Ambikapur News : सरगुजा जिले में अवैध रेत तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान नगर सैनिक के साथ मारपीट कर जब्त वाहन छुड़ाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में थाना गांधीनगर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपियों को हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी तारकेश्वर वर्मा, जो रायपुर खनिज शाखा में नगर सैनिक के पद पर कार्यरत हैं, 22 जून को केंद्रीय उड़नदस्ता टीम के साथ सरगुजा संभाग में जांच के लिए आए थे। जांच के दौरान रेत से भरे एक वाहन को अभिरक्षा में लेकर कलेक्ट्रेट परिसर अंबिकापुर लाया जा रहा था। इसी दौरान वाहन चालक सोनू टोप्पो ने वाहन मालिक लड्डन खान का नाम लेकर धमकी दी।

बताया गया कि गांधीनगर के गाधी चौक सिग्नल के पास वाहन मालिक और उसके साथियों ने वाहन रुकवाकर नगर सैनिक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपियों ने वर्दी फाड़ने की कोशिश की और नगर सैनिक को पकड़कर नीचे उतार दिया, जबकि वाहन चालक रेत से भरे वाहन को लेकर फरार हो गया। घटना की शिकायत पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 386/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों सोनू टोप्पो (19 वर्ष) एवं धनसिंह टोप्पो (35 वर्ष), दोनों निवासी सिलफिली पहाड़गांव, थाना जयनगर, जिला सूरजपुर, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने नगर सैनिक के साथ मारपीट कर रेत तस्करी में प्रयुक्त वाहन छुड़ाकर ले जाने की घटना स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त कर लिया है और उन्हें न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई। वहीं, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और पुलिस का कहना है कि उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उप निरीक्षक दिलीप दुबे, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा सहित थाना एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










