UGC Equity Regulations 2026
UGC Equity Regulations 2026: विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) द्वारा उच्च शिक्षण संस्थानों में जातिगत भेदभाव को जड़ से मिटाने के लिए जारी किए गए नए नियमों ने देश में एक नई राजनीतिक और सामाजिक बहस छेड़ दी है। इन नियमों को लेकर विशेष रूप से सवर्ण समुदायों में गहरा असंतोष देखा जा रहा है। विरोध की आंच अब सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) तक पहुंच चुकी है, जहां कई नेताओं ने इन प्रावधानों के विरोध में अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। बढ़ते तनाव को देखते हुए केंद्र सरकार अब डैमेज कंट्रोल मोड में आ गई है।
UGC के नए नियमों ने केवल विपक्षी दलों को ही नहीं, बल्कि सत्ता पक्ष के भीतर भी हलचल पैदा कर दी है। सवर्ण वर्ग के संगठनों और बीजेपी के कई जमीनी नेताओं का मानना है कि ये नियम एकतरफा हैं। पार्टी के भीतर बढ़ते इस्तीफों के दौर ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। सरकारी सूत्रों का दावा है कि इन नियमों को लेकर समाज में ‘भ्रांति’ फैलाई जा रही है। सरकार अब जल्द ही एक आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी कर सकती है, जिसमें यह आश्वासन दिया जाएगा कि इन नियमों का किसी भी निर्दोष छात्र या संस्थान के खिलाफ दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा।
संसद का बजट सत्र करीब है और विपक्ष इस मुद्दे को एक बड़ा राजनीतिक हथियार बनाने की तैयारी में है। सरकार की कोशिश है कि सत्र शुरू होने से पहले ही इस मामले पर स्थिति साफ कर दी जाए ताकि संसद की कार्यवाही में बाधा न आए। सरकार जल्द ही जनता के सामने सभी तथ्य रखने की योजना बना रही है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि इन नियमों का उद्देश्य केवल सुरक्षा प्रदान करना है, न कि किसी वर्ग विशेष को लक्षित करना।
UGC द्वारा 13 जनवरी को जारी किए गए नियमों में सबसे ज्यादा विवाद ‘नियम 3(C)’ पर हो रहा है। इस नियम में जातिगत भेदभाव की जो परिभाषा दी गई है, उसमें अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) के साथ-साथ अब अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) को भी शामिल किया गया है। सवर्ण समाज का तर्क है कि इस विस्तृत परिभाषा और सख्त दंड के प्रावधानों से सवर्ण छात्रों को बिना किसी ठोस आधार के ‘संभावित अपराधी’ की श्रेणी में खड़ा कर दिया गया है। उनका आरोप है कि यह नियम परिसरों में आपसी भाईचारे को बिगाड़ सकते हैं।
UGC के इन नए नियमों को ‘प्रमोशन ऑफ इक्विटी इन हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूशन रेगुलेशन 2026’ नाम दिया गया है। इसके तहत प्रत्येक विश्वविद्यालय और कॉलेज के लिए ‘इक्वल अपॉर्च्युनिटी सेंटर’ (EOC) बनाना अनिवार्य कर दिया गया है। इस सेंटर के भीतर एक ‘इक्विटी कमेटी’ होगी, जिसकी कमान सीधे संस्थान के प्रमुख के हाथों में होगी। यह कमेटी न केवल शिकायतों का निपटारा करेगी, बल्कि हर साल अपनी विस्तृत रिपोर्ट सीधे UGC को सौंपेगी, जिसकी निगरानी के लिए एक राष्ट्रीय मॉनिटरिंग कमेटी भी गठित की जाएगी।
नए नियमों के अनुसार, यदि कोई छात्र जातिगत भेदभाव की शिकायत करता है, तो इक्विटी कमेटी को 24 घंटे के भीतर प्रारंभिक कार्रवाई शुरू करनी होगी। 15 दिनों के अंदर जांच रिपोर्ट संस्थान प्रमुख को देनी होगी, जिन्हें अगले 7 दिनों में फैसला लेना अनिवार्य है। सबसे कड़ा प्रावधान यह है कि यदि कोई शिक्षण संस्थान इन नियमों को लागू करने में विफल रहता है या किसी मामले में कोताही बरतता है, तो UGC उसकी मान्यता (Recognition) तक रद्द कर सकता है। नियमों के इसी कड़ेपन ने संस्थानों और एक वर्ग विशेष के छात्रों के बीच भय और विरोध का माहौल पैदा कर दिया है।
Baloda Bazar gas news: छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में पिछले कुछ दिनों से सोशल…
LPG Crisis: मध्य-पूर्व में ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच गहराते युद्ध के संकट ने…
Hardik Pandya news: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के लिए टी20 वर्ल्ड…
China OpenClaw ban: चीन की सरकार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में तेजी से…
IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन के लिए फैंस की लंबी प्रतीक्षा…
Stock Market Crash: भारतीय शेयर बाजार के लिए गुरुवार का दिन 'ब्लैक थर्सडे' साबित हुआ।…
This website uses cookies.