UP Election Seat Sharing: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन तथा सीटों के बंटवारे को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। दोनों दलों के नेता जल्द से जल्द सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय करने की कोशिश में जुटे हैं। इसी सिलसिले में दोनों पार्टियों की समन्वय टीम मंगलवार को एक बार फिर बैठक करने जा रही है। यह बैठक दोपहर 12 बजे कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर प्रस्तावित है। इससे पहले सोमवार को दोनों दलों के नेताओं के बीच पहली बैठक हुई थी, जो करीब 20 मिनट तक चली थी। अब दूसरी बैठक में सीटों के दावों और संभावित समझौते पर विस्तार से चर्चा होने की उम्मीद है।
कांग्रेस ने सपा को सौंपी 120 विधानसभा सीटों की सूची
सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस ने अपनी रणनीति समाजवादी पार्टी के सामने रख दी है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने सपा को 120 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी है। इस सूची को तीन श्रेणियों यानी A, B और C कैटेगरी में बांटा गया है। A कैटेगरी में 55 ऐसी सीटें शामिल हैं, जहां कांग्रेस खुद को मजबूत मानती है और मजबूती से चुनाव लड़ना चाहती है। B कैटेगरी में उन सीटों को रखा गया है, जहां पहले कांग्रेस का प्रदर्शन अच्छा रहा है। वहीं C कैटेगरी में ऐसी विधानसभा सीटें शामिल हैं, जहां पार्टी को जीत की संभावनाएं दिखाई दे रही हैं। अब सपा नेतृत्व इस सूची पर विचार कर अपना रुख स्पष्ट करेगा।

रायबरेली और अमेठी की सभी सीटों पर कांग्रेस का दावा
सीट शेयरिंग की बातचीत में रायबरेली और अमेठी सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा बन सकते हैं। कांग्रेस इन दोनों जिलों की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जता रही है। हालांकि, मौजूदा विधानसभा में कांग्रेस का कोई विधायक नहीं है। दूसरी तरफ, 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने रायबरेली और अमेठी की कुल 10 सीटों में से छह पर जीत दर्ज की थी। ऐसे में अखिलेश यादव के लिए कांग्रेस की मांग स्वीकार करना आसान नहीं होगा। उन्हें गठबंधन के साथ-साथ अपने स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की राजनीतिक अपेक्षाओं का भी ध्यान रखना पड़ेगा।

अखिलेश यादव की रणनीति, सीटों से ज्यादा जीत पर जोर
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले ही साफ कर चुके हैं कि उनके लिए सीटों की संख्या से ज्यादा चुनाव में जीत महत्वपूर्ण है। उनका मानना है कि जिस सीट पर जिस गठबंधन सहयोगी का उम्मीदवार जीतने की बेहतर क्षमता रखता है, उसे वहीं से चुनाव लड़ने का मौका मिलना चाहिए। कांग्रेस भी इसी रणनीति के आधार पर बातचीत आगे बढ़ाने की बात कर रही है। हालांकि, पहली बैठक में प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल के शामिल होने की चर्चा थी, लेकिन दोनों नेता बैठक में नहीं पहुंचे।
क्या कांग्रेस के लिए कुछ सीटें छोड़ सकती है समाजवादी पार्टी?
सीटों के बंटवारे को लेकर सपा नेता राम गोपाल यादव और कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम समेत अन्य नेताओं के बीच बातचीत जारी है। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस की मांगों को देखते हुए समाजवादी पार्टी को कुछ सीटों पर अपना दावा छोड़ना पड़ सकता है। सपा नेता आजम खान ने भी गठबंधन को मजबूत बनाने के लिए जरूरत पड़ने पर कुर्बानी देने की बात कही है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अखिलेश यादव कांग्रेस की 120 सीटों वाली मांग पर कितना सहमत होते हैं।

20 मिनट की पहली बैठक पर बीजेपी और अन्य दलों का तंज
सपा और कांग्रेस की पहली बैठक महज 20 मिनट में समाप्त होने के बाद विरोधी दलों ने गठबंधन पर निशाना साधा। यूपी सरकार के मंत्री दानिश अंसारी ने दावा किया कि दोनों पार्टियों के नेता एक-दूसरे की बात सुनने को तैयार नहीं हैं। वहीं, ओपी राजभर ने बैठक में शिवपाल यादव की अनुपस्थिति पर सवाल उठाए। AIMIM प्रवक्ता शादाब चौहान ने भी सीट शेयरिंग को लेकर दोनों दलों पर तंज कसा। अब देखना होगा कि मंगलवार की बैठक में 403 विधानसभा सीटों को लेकर दोनों पार्टियां किसी सहमति तक पहुंच पाती हैं या नहीं।

