Tamil Nadu Stampede: तमिलनाडु के करूर में एक जनसभा के दौरान मची भगदड़ के बाद घटनाक्रम तेजी से बदल रहे हैं। ‘तमिलगा वेत्री कड़गम’ (TVK) के अध्यक्ष और दक्षिण भारतीय सुपरस्टार थलापति विजय हादसे के बाद बिना किसी सार्वजनिक प्रतिक्रिया के सीधे तिरुचि एयरपोर्ट पहुंच गए। इस कदम के बाद उनके देश छोड़ने की अटकलें जोर पकड़ने लगी हैं।

हादसे के बाद चुप्पी पर उठे सवाल
करूर में आयोजित रैली में मची भगदड़ में कई लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। हादसे के तुरंत बाद विजय द्वारा न तो किसी बयान जारी किया गया और न ही मीडिया से बात की गई। इसके विपरीत वे चुपचाप एयरपोर्ट रवाना हो गए, जिससे उनके इरादों को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

सीएम स्टालिन ने बुलाई आपात बैठक
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए चेन्नई सचिवालय में एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है। बैठक में राहत कार्यों की समीक्षा और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की गईं। मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि वे आज रात करूर जाएंगे और पीड़ित परिवारों से मिलकर व्यक्तिगत रूप से संवेदना प्रकट करेंगे।
मुआवजा और जांच आयोग की घोषणा
सीएम स्टालिन ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये की मदद दी जाएगी। साथ ही सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय न्यायाधीश अरुणा जगदीशन की अध्यक्षता में एक सदस्यीय जांच आयोग गठित किया गया है, जो हादसे की पूरी जांच कर सरकार को रिपोर्ट सौंपेगा।
सोशल मीडिया पर विजय को लेकर बहस
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विजय की चुप्पी और अचानक एयरपोर्ट रवाना होने को लेकर मिश्रित प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई यूजर्स ने इसे गैर-जिम्मेदाराना रवैया बताया, जबकि कुछ समर्थकों ने कहा कि विजय बाद में बयान जारी कर सकते हैं। करूर की इस त्रासदी ने न सिर्फ राज्य सरकार को अलर्ट किया है बल्कि विजय जैसे बड़े नेता और अभिनेता के व्यवहार को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या विजय देश छोड़ रहे हैं या यह महज एक अफवाह है। आने वाले 24 घंटे इस पूरे घटनाक्रम में काफी अहम माने जा रहे हैं।
Read More : Karur Accident: विजय की रैली में भगदड़ से 36 मौतें, राष्ट्रपति, PM मोदी और CM स्टालिन ने जताया दुख










