Chhattisgarh weather: पिछले कुछ दिनों की भारी बारिश के बाद अब छत्तीसगढ़ में मौसम की स्थिति सामान्य हो गई है। हालांकि उमसभरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को प्रदेशभर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, लेकिन इसके साथ ही आंशिक बादल और गर्मी-उमस का दौर जारी रहेगा।

प्रदेश में कैसा रहेगा शनिवार का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को छत्तीसगढ़ के अधिकतर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, अंबिकापुर और जगदलपुर समेत प्रमुख शहरों में पिछले 24 घंटों के जैसे ही मौसम बने रहने की उम्मीद है।

राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 32.8°C और बिलासपुर में 31°C दर्ज किया गया। राजनांदगांव सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 33.5°C तक पहुंच गया। वहीं दुर्ग में सबसे कम तापमान 20°C रिकॉर्ड किया गया।

मानसून की स्थिति
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में मानसून की द्रोणिका रेखा बीकानेर से लेकर बंगाल की खाड़ी तक विस्तृत है, जो छत्तीसगढ़ के ऊपर से गुजर रही है। साथ ही विदर्भ और आसपास के क्षेत्रों में बना ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा भी मौसम को प्रभावित कर रहा है। यही वजह है कि बारिश रुकने के बावजूद उमस और गर्मी से राहत नहीं मिल रही है।
स्वास्थ्य पर बुरा असर, बरतें सावधानी
तेज धूप और उमसभरी गर्मी का स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। डिहाइड्रेशन, सिरदर्द, थकान, चक्कर आना और त्वचा संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इस मौसम में लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए:
पर्याप्त पानी पिएं
नींबू पानी, नारियल पानी और मौसमी फलों के रस का सेवन करें
धूप में निकलने से बचें, जरूरी हो तो छाता या कैप का प्रयोग करें
बच्चों और बुजुर्गों को घर के अंदर ही रखें और हल्के, ढीले कपड़े पहनाए
छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम भले ही सामान्य हो गया हो, लेकिन उमसभरी गर्मी और स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बरकरार हैं। मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लें और खुद को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी सावधानियां अपनाएं। आने वाले 1-2 दिन मौसम इसी तरह बना रहेगा, ऐसे में सतर्क रहना ही समझदारी है।











