Asia Cup final: 2025 एशिया कप के दौरान भारत-पाकिस्तान मुकाबले में हुई जीत के बाद भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव के बयान पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने आईसीसी से शिकायत दर्ज कराई है। इस शिकायत के बाद आईसीसी के मैच रेफरी रिची रिचर्डसन ने भारतीय टीम को ई-मेल भेजकर मामले की जानकारी दी है। अब सवाल ये है कि क्या सूर्यकुमार यादव पर बैन लगेगा और वह एशिया कप के फाइनल में खेल पाएंगे?
पाकिस्तान की शिकायत और ICC का रिएक्शन
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सूर्यकुमार यादव के मैच प्रजेंटेशन और प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिए गए कुछ बयानों को लेकर आईसीसी से दो शिकायतें की थीं। मैच रेफरी रिची रिचर्डसन ने बताया कि उन्होंने दोनों रिपोर्टों का गहराई से अध्ययन किया है और पाया है कि सूर्यकुमार के बयानों ने खेल की छवि को नुकसान पहुंचाया है।
रेफरी ने मेल में स्पष्ट किया है कि अगर सूर्यकुमार यादव इस आरोप को स्वीकार नहीं करते हैं तो मामले की सुनवाई होगी। इस सुनवाई में मैच रेफरी, सूर्यकुमार यादव और PCB के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
सूर्यकुमार यादव ने क्या कहा था?
2025 एशिया कप के लीग स्टेज में भारत ने पाकिस्तान को हराया था। मैच के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा था कि यह जीत पुलवामा हमले के पीड़ितों को समर्पित है। इसके अलावा प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने यह भी बताया कि सरकार और बीसीसीआई के निर्देश के तहत टीम के खिलाड़ी जीत के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाएंगे। यह बयान पाकिस्तान के लिए स्वीकार्य नहीं था, जिससे उन्होंने आईसीसी में शिकायत दर्ज कराई।
क्या सूर्यकुमार यादव पर लगेगा बैन?
आईसीसी नियमों के अनुसार, इस मामले को लेवल-1 उल्लंघन माना जाएगा। लेवल-1 उल्लंघन में किसी खिलाड़ी पर बैन नहीं लगाया जाता है, बल्कि मैच फीस का जुर्माना या चेतावनी दी जा सकती है। बैन तब लागू होता है जब कोई खिलाड़ी लेवल 2, 3 या 4 के उल्लंघन में पाया जाता है, जो कि अधिक गंभीर होते हैं।इसलिए, फिलहाल सूर्यकुमार यादव पर कोई सस्पेंशन या बैन लगने की संभावना कम है। हालांकि, उनका मैच फीस कटौती या जुर्माना हो सकता है।
अब क्या होगा?
अगले कुछ दिनों में आईसीसी की तरफ से सूर्यकुमार यादव को सुनवाई के लिए बुलाया जा सकता है, जहां वे अपना पक्ष रखेंगे। PCB के प्रतिनिधि भी इस प्रक्रिया में शामिल होंगे। इस सुनवाई के बाद ही अंतिम फैसला होगा कि क्या सूर्यकुमार पर कोई दंड लगाया जाएगा या नहीं।सूर्यकुमार यादव के बयान को लेकर पाकिस्तान की शिकायत और आईसीसी की जांच ने इस मामले को सुर्खियों में ला दिया है। हालांकि, नियमों के तहत इस घटना को कम गंभीर उल्लंघन माना जा रहा है, इसलिए उनके ऊपर बैन लगने की संभावना नहीं है। वह एशिया कप फाइनल में हिस्सा ले सकते हैं, लेकिन मैच फीस कटौती जैसे जुर्माने का सामना कर सकते हैं।
Read more : Ladakh Violence: लद्दाख आंदोलन पर वांगचुक का बयान: “सरकार मुझे दबाना चाहती है”