71st National Film Awards 2025: हिंदी सिनेमा की दिग्गज अदाकारा रानी मुखर्जी को उनके शानदार करियर में एक और बड़ा मुकाम हासिल हुआ है। उन्हें फिल्म ‘मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे’ में शानदार प्रदर्शन के लिए 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (Best Actress) का सम्मान मिला है। यह रानी मुखर्जी के 29 साल लंबे फिल्मी करियर का पहला नेशनल अवॉर्ड है।

राष्ट्रपति ने किया सम्मानित
दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित इस पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रानी मुखर्जी को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। समारोह में फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे मौजूद थे। खास बात यह रही कि रानी के साथ-साथ शाहरुख खान को भी फिल्म ‘जवान’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला यह भी शाहरुख का पहला नेशनल अवॉर्ड है।

‘मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे’ की भावनात्मक कहानी
आशिमा छिब्बर द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रानी मुखर्जी ने देबिका चटर्जी का किरदार निभाया है, जो अपने बच्चों की कस्टडी के लिए एक विदेशी सरकार से लड़ाई लड़ती है। फिल्म की कहानी एक सच्ची घटना पर आधारित है, जिसमें एक भारतीय मां नॉर्वे में अपने बच्चों को वापस पाने के लिए संघर्ष करती है। रानी का अभिनय दर्शकों और आलोचकों दोनों को बेहद पसंद आया।
बॉक्स ऑफिस पर भी रही सफल
इस फिल्म को बनाने में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत आई थी। भारत में इसने लगभग 23.07 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जबकि वर्ल्डवाइड कलेक्शन 38.3 करोड़ रुपये रहा। फिल्म को सेमी-हिट का दर्जा मिला। रानी के साथ फिल्म में नीना गुप्ता, जिम सार्भ और संग्राम सिंह जैसे कलाकार भी नजर आए।
29 साल का फिल्मी सफर
रानी मुखर्जी ने साल 1996 में बंगाली फिल्म ‘Biyer Phool’ से अभिनय की शुरुआत की थी। उसी साल उन्होंने बॉलीवुड में ‘राजा की आएगी बारात’ से डेब्यू किया। इसके बाद उन्होंने ‘कुछ कुछ होता है’, ‘साथिया’, ‘ब्लैक’, ‘वीर ज़ारा’, ‘हिचकी’ जैसी कई हिट फिल्में दीं। रानी और शाहरुख की जोड़ी को भी दर्शकों ने हमेशा पसंद किया।
रानी मुखर्जी का यह पहला राष्ट्रीय पुरस्कार न केवल उनके अभिनय की गहराई को मान्यता देता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि गुणवत्ता और समर्पण से भरे करियर को देर-सवेर सही पहचान जरूर मिलती है। उनके फैंस और बॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए यह एक गर्व का क्षण है।
Read More : 71st National Film Awards 2025: शाहरुख खान और विक्रांत मैसी को मिला बेस्ट एक्टर का सम्मान, देशभर में जश्न











