Smriti Irani Raipur : छत्तीसगढ़ भाजपा की राजनीति में रविवार से संगठनात्मक गतिविधियां तेज होने जा रही हैं। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी दो दिवसीय दौरे पर राजधानी रायपुर पहुंच चुकी हैं। प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभालने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा है। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री और सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू भी पहुंचे हैं। दोनों नेताओं के आगमन को पार्टी संगठन की मजबूती और आगामी चुनावों की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मिशन 2028-29 के लिए बनेगी रणनीति
इस दौरे के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रदेश संगठन की स्थिति, सरकार की योजनाओं के प्रचार और कार्यकर्ताओं की सक्रियता जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे। आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी की रणनीति तैयार करने पर भी जोर रहेगा। संगठन के भीतर इस दौरे को मिशन 2028-29 की तैयारियों की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। पूर्व और वर्तमान पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों तथा विभिन्न निगमों, आयोगों और मंडलों के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों के साथ भी संवाद प्रस्तावित है।

सोशल मीडिया पर सरकार की योजनाओं के प्रचार पर जोर
पार्टी सूत्रों के अनुसार, दौरे से पहले स्मृति ईरानी ने मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन पदाधिकारियों को सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत प्रचार के बजाय केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रमुखता देने का संदेश दिया है। भाजपा का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और संगठन के प्रचार अभियान को प्रभावी बनाना है। इस संबंध में पार्टी का आईटी सेल नेताओं और पदाधिकारियों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखेगा। उनके हैंडल से साझा की जाने वाली सामग्री और सक्रियता के आधार पर रिपोर्ट कार्ड तैयार किए जाने की बात सामने आई है।
रविवार को ‘मन की बात’ से शुरू होंगी बैठकें
रविवार को सुबह 11 बजे से 11:30 बजे तक स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शम्भू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और प्रदेश महामंत्रियों के साथ बैठक होगी। दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक प्रदेश पदाधिकारियों के साथ समीक्षा और रणनीतिक चर्चा की जाएगी। इसके बाद 1:30 से 2:30 बजे तक संभाग और जिला स्तर के प्रभारियों तथा जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक प्रस्तावित है।
पूर्व सांसदों और विधायकों से भी होगा संवाद
रविवार को दोपहर 3:30 से शाम 5 बजे तक पूर्व विधायकों और सांसदों के साथ चर्चा होगी। शाम 5:30 से 7 बजे तक पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी। दिन के अंत में शाम 7 से 8:30 बजे तक भाजपा कोर ग्रुप की बैठक होगी। इन बैठकों में संगठन की चुनौतियों, राजनीतिक गतिविधियों और भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श होने की संभावना है।

सोमवार को विधायक, सांसद और मंत्रियों की बैठक
दौरे के दूसरे दिन सोमवार को सुबह 10 से 11:30 बजे तक भाजपा विधायकों के साथ संगठनात्मक चर्चा होगी। इसके बाद 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक सांसदों और 12:30 से 2 बजे तक राज्य मंत्रिमंडल के मंत्रियों के साथ बैठक निर्धारित है। दोपहर 3 से शाम 4:30 बजे तक निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों से समीक्षा की जाएगी। शाम 4:30 से 5:30 बजे तक विचार परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ संवाद होगा।
संगठन की सक्रियता पर रहेगी नजर
स्मृति ईरानी के इस दौरे से प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक कामकाज, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार और नेताओं की जिम्मेदारियों को लेकर स्पष्ट दिशा मिलने की उम्मीद है। हालांकि, बैठकों के बाद सामने आने वाले फैसले और निर्देश ही बताएंगे कि मिशन 2028-29 के लिए पार्टी की रणनीति किस दिशा में आगे बढ़ती है।
Read More : WhatsApp SIM Binding Rule: 2027 से बदल सकता है इस्तेमाल का तरीका, जानें नए नियम का असर

