Surajpur News : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एसईसीएल बिश्रामपुर के कोयला खदान क्षेत्र में पेड़ों की अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी रोकने पहुंचे सुरक्षाकर्मियों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात हुई इस घटना में करीब 20 से 30 लोगों के एक गिरोह पर दो सुरक्षा कर्मियों की पिटाई करने और एक मोटरसाइकिल को आग लगाने का आरोप है। हमले में घायल दोनों कर्मचारियों को उपचार के लिए एसईसीएल के केंद्रीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

यूकेलिप्टस के पेड़ काटते मिले संदिग्ध
जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर की देर रात एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र के एक्सकेवेशन वर्कशॉप के पास ड्यूटी कर रहे त्रिपुरा स्टेट राइफल्स (टीएसआर) के जवानों को पेड़ काटने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर उन्हें करीब 20 से 30 लोग यूकेलिप्टस के पेड़ काटते दिखाई दिए। जवानों ने जब कथित रूप से अवैध कटाई कर रहे लोगों को रोकने की कोशिश की, तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि गिरोह के सदस्यों ने जवानों के साथ मारपीट की।

अतिरिक्त बल बुलाने के बाद भी बढ़ गया विवाद
हमलावरों की संख्या अधिक होने के कारण मौके पर तैनात जवानों ने अपने इंचार्ज को सूचना देकर अतिरिक्त बल बुलाया। इसके बाद चार अन्य जवान मौके पर पहुंचे, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। इसी दौरान कंपनी की पेट्रोलिंग पार्टी में तैनात सुरक्षा कर्मी मुन्नालाल और जेवियर मोटरसाइकिल से घटनास्थल की ओर जा रहे थे। शिकायत के मुताबिक, रास्ते में आरोपितों ने चारपहिया वाहन से उनका पीछा करना शुरू कर दिया।
दो किलोमीटर तक पीछा कर सुरक्षाकर्मियों को पीटा
जान बचाने के लिए मुन्नालाल और जेवियर गांगीकोट गांव की ओर जाने लगे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा जारी रखा। आरोप है कि एक्सकेवेशन वर्कशॉप से लगभग दो किलोमीटर आगे दोनों सुरक्षा कर्मियों को पकड़ लिया गया और बेरहमी से मारपीट की गई। इस हमले में दोनों को गंभीर चोटें आईं। बाद में उन्हें एसईसीएल के केंद्रीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जेवियर की मोटरसाइकिल में लगाई आग
मारपीट के दौरान आरोपितों ने सुरक्षा कर्मी जेवियर की पल्सर मोटरसाइकिल में आग लगा दी। मोटरसाइकिल का पंजीयन नंबर सीजी 29 एडी 4390 बताया गया है। आग इतनी तेजी से फैली कि बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना के बाद टीएसआर जवानों और उनके चालक ने सुरक्षा प्रभारी को जानकारी दी। सुरक्षा प्रभारी ने तत्काल डायल 112 पर संपर्क कर पुलिस से सहायता मांगी।

पुलिस के पहुंचते ही फरार हुए हमलावर
सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची। टीएसआर जवानों ने बताया कि हमलावर पेट्रोलिंग पार्टी के दोनों कर्मचारियों का पीछा करते हुए आगे गए हैं। इसके बाद पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने उनकी तलाश शुरू की। पुलिस वाहन के सायरन की आवाज सुनकर आरोपी घायल सुरक्षा कर्मियों को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की और मामले की जांच शुरू कर दी।
सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर अपराध दर्ज
क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी एसएस रात्रे ने बिश्रामपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सुरक्षा प्रभारी पवन शर्मा की रिपोर्ट के आधार पर करीब 20 से 30 अज्ञात लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी विकास देशमुख के अनुसार, आरोपियों की पहचान और तलाश तेज कर दी गई है।
कई महीनों से अवैध कटाई की शिकायतें
एसईसीएल बिश्रामपुर के खदान क्षेत्र में पिछले कई महीनों से यूकेलिप्टस के पेड़ों की अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी की शिकायतें सामने आती रही हैं। ताजा हमले ने खदान क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
इसी बीच बस्तर जिले के भानपुरी वन परिक्षेत्र में सागौन की कटाई रोकने पहुंचे वनकर्मियों पर भी वन माफिया के हमले की खबर सामने आई है। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू की है।
Read More : Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में ग्रामीण रोजगार योजना पर डिजिटल पहरा, फर्जी हाजिरी रोकने आएगा एआई ऐप

