Balrampur News : बलरामपुर जिले के कुसमी नगर के सिंचाई कॉलोनी में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने करीब डेढ़ महीने बाद अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने मामले में मृतिका के परिचित रतन नगेशिया को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने महिला के साथ विवाद के बाद गुस्से में कुदारी से उसके सिर पर वार कर हत्या करने की बात स्वीकार की है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुदारी और घटना के दौरान पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को थानपारा कुसमी निवासी संतोषी बरगाह अपनी मां सरस्वती बरगाह से मिलने सिंचाई कॉलोनी स्थित उनके घर पहुंची थी। घर के दरवाजे पर बाहर से सिकड़ी लगी हुई थी। सिकड़ी खोलकर अंदर जाने पर सरस्वती खून से लथपथ हालत में दरवाजे के पास पड़ी मिलीं। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और उनकी मौत हो चुकी थी।

सूचना पर कुसमी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट के कारण हत्या की पुष्टि होने पर थाना कुसमी में अपराध क्रमांक 65/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतिका के परिजनों, परिचितों और पड़ोसियों से पूछताछ की। इसी दौरान मृतिका के परिचित रतन नगेशिया के घटना के बाद से गायब होने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पुलिस का संदेह उस पर गहराया। उसकी तलाश के लिए मुखबिरों को सक्रिय किया गया।
13 अगस्त को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर रतन नगेशिया को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कुसमी में मजदूरी करता था और करीब 7-8 महीने पहले उसकी पहचान सरस्वती बरगाह से हुई थी। दोनों साथ में मजदूरी करते थे और शराब पीने के कारण उनके बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं। आरोपी के अनुसार, दोनों पति-पत्नी की तरह सरस्वती के घर में रहने लगे थे।

पुलिस के मुताबिक, कुछ समय बाद सरस्वती उससे दूरी बनाने लगी थीं। इस बात को लेकर रतन को शक था कि उनका किसी अन्य व्यक्ति से संबंध है। 2 जुलाई की शाम इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में रतन ने कमरे में रखी कुदारी से सरस्वती के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने घर का दरवाजा बंद कर बाहर से सिकड़ी लगाई और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुदारी और उसके पहने हुए कपड़े जब्त कर लिए। पुलिस ने आरोपी रतन नगेशिया पिता गेदा उर्फ गोपाल, निवासी गम्हारडीह, थाना शंकरगढ़ को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (भापुसे) के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी और एसडीओपी कुसमी के निर्देशन में कुसमी पुलिस द्वारा की गई।











