CG Hockey League Final : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नवा रायपुर में आयोजित हॉकी लीग का फाइनल मुकाबला रोमांच और शानदार खेल प्रदर्शन से भरपूर रहा। खिताबी मुकाबले में मैनपाट टाइटंस ने संस्कारधानी की टीम को 4-2 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। दोनों टीमों के बीच मुकाबले में खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दम लगाया, लेकिन मैनपाट टाइटंस ने अपने प्रदर्शन के दम पर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ टीम ने हॉकी लीग 2026 की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। फाइनल के बाद आयोजित समापन समारोह में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला।
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और सीएम साय रहे मौजूद
हॉकी लीग के समापन समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रदेश के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और खेल जगत से जुड़े लोग भी मौजूद रहे। इस दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और विजेता मैनपाट टाइटंस को खिताबी जीत के लिए बधाई दी। आयोजन को लेकर खेल विभाग की तैयारियों और प्रदेश में हॉकी को बढ़ावा देने के प्रयासों की भी चर्चा हुई।

मनसुख मांडविया ने की हॉकी लीग आयोजन की सराहना
समापन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने हॉकी लीग के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने इस प्रतियोगिता के माध्यम से खेलों को प्रोत्साहित करने की दिशा में प्रयास किया है। उनके अनुसार, खेल और खिलाड़ी केवल अपना व्यक्तिगत विकास नहीं करते, बल्कि देश का गौरव बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय हॉकी लगातार आगे बढ़ रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के क्षेत्र में बदलाव देखने को मिला है।

हार नहीं, जीत या सीखने का अवसर है खेल
खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए मनसुख मांडविया ने कहा कि खेल के मैदान में कोई हारता नहीं है, बल्कि या तो जीतता है या फिर कुछ नया सीखता है। उन्होंने खिलाड़ियों को इसी भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। केंद्रीय मंत्री ने उम्मीद जताई कि छत्तीसगढ़ में आयोजित हॉकी लीग दूसरे राज्यों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से निकला खेलों को बढ़ावा देने का संदेश देशभर तक पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री साय ने बताया हॉकी और छत्तीसगढ़ का पुराना रिश्ता
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फाइनल जीतने पर मैनपाट टाइटंस को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हॉकी और छत्तीसगढ़ का गहरा संबंध रहा है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और खेल गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने हॉकी लीग के आयोजन के लिए खेल विभाग की सराहना भी की। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन और प्रतियोगिता में उनकी भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

उपमुख्यमंत्री और मंत्रियों ने भी बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा और मंत्री खुशवंत साहेब सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विजेता टीम को शुभकामनाएं दीं। मैनपाट टाइटंस की जीत के साथ प्रतियोगिता का समापन हुआ। इस आयोजन ने प्रदेश में हॉकी के प्रति रुचि और खिलाड़ियों को प्रतियोगी मंच उपलब्ध कराने की चर्चा को भी प्रमुखता दी।


