Railway Freight News : केंद्र सरकार ने किसानों और कृषि कारोबार से जुड़े व्यापारियों को राहत देने के लिए मालगाड़ी से प्याज और धान की ढुलाई के नियमों में बदलाव किया है। रेलवे बोर्ड ने BCN और BCNA श्रेणी के मालगाड़ी वैगनों में इन दोनों फसलों की निर्धारित लोडिंग क्षमता घटा दी है। नई व्यवस्था के तहत धान के लिए अधिकतम लोडिंग सीमा 52 टन और प्याज के लिए 45 टन तय की गई है। रेलवे का यह आदेश 28 अक्टूबर 2026 से लागू हो चुका है और 27 अक्टूबर 2027 तक प्रभावी रहेगा।
पहले से कम हुई वैगनों की निर्धारित लोडिंग क्षमता
रेलवे बोर्ड के नए निर्देश के मुताबिक, अब अलग-अलग रेलवे मार्गों पर प्याज और धान की ढुलाई निर्धारित नई क्षमता के अनुसार होगी। इससे पहले इन वैगनों में दोनों फसलों के परिवहन के लिए करीब 59.8 से 64 टन तक की लोडिंग क्षमता निर्धारित थी। अब इसे घटाकर फसल के हिसाब से अलग-अलग कर दिया गया है।रेलवे का मानना है कि मालगाड़ियों में वास्तविक रूप से लोड किए गए वजन और मालभाड़े की गणना के लिए निर्धारित वजन के बीच कई बार अंतर देखने को मिलता है। नई व्यवस्था इसी अंतर को कम करने के उद्देश्य से लागू की गई है। इससे कृषि उत्पादों के परिवहन पर लगने वाले मालभाड़े में राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

एक साल तक लागू रहेंगे नए नियम
रेलवे बोर्ड की ओर से जारी आदेश के अनुसार, बदली हुई लोडिंग व्यवस्था एक साल तक प्रभावी रहेगी। 28 अक्टूबर 2026 से 27 अक्टूबर 2027 तक प्याज और धान की रेल ढुलाई इसी नियम के तहत की जाएगी। इस फैसले से किसानों, व्यापारियों और निर्यातकों को परिवहन लागत कम करने में मदद मिल सकती है।

प्याज की ढुलाई पर 29 फीसदी तक बचत का दावा
महाराष्ट्र राज्य प्याज उत्पादक किसान संगठन ने रेलवे के फैसले का स्वागत किया है। संगठन के संस्थापक अध्यक्ष भरत दिघोले के मुताबिक, प्याज के लिए BCN और BCNA वैगनों में लोडिंग सीमा 45 टन तय होने से रेलवे माल ढुलाई शुल्क में करीब 29 प्रतिशत तक कमी आने की उम्मीद है।उनका कहना है कि महाराष्ट्र से देश के विभिन्न राज्यों और बंदरगाहों तक प्याज भेजने वाले व्यापारियों और निर्यातकों को इसका फायदा मिल सकता है। रेल परिवहन सस्ता होने से सड़क मार्ग पर निर्भरता घटने और भारतीय प्याज की घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ने की संभावना है।
महाराष्ट्र के प्याज उत्पादकों को मिल सकती है राहत
महाराष्ट्र देश के प्रमुख प्याज उत्पादक राज्यों में शामिल है। नासिक, अहिल्यानगर, पुणे, सोलापुर, धुले और जलगांव जैसे जिलों में बड़े पैमाने पर प्याज की खेती होती है। किसानों को उत्पादन लागत, भंडारण, बाजार में कम कीमत और परिवहन खर्च जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।भरत दिघोले ने कहा कि मालभाड़े में होने वाली बचत का फायदा केवल व्यापारियों और निर्यातकों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसका लाभ किसानों को मिलने वाले प्याज के खरीद मूल्य में भी दिखाई देना चाहिए।

किसान संगठन ने केंद्र सरकार के सामने रखीं मांगें
संगठन ने केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय से प्याज की ढुलाई के लिए विशेष मालगाड़ियां चलाने की मांग की है। इसके अलावा नासिक, लासलगांव, मनमाड और पिंपलगांव बसवंत जैसी प्रमुख प्याज मंडियों को रेलवे नेटवर्क से बेहतर तरीके से जोड़ने की अपील की गई है।
संगठन ने बंदरगाहों तक प्याज पहुंचाने के लिए विशेष रेल परिवहन सुविधा, मालभाड़े में अतिरिक्त छूट और अलग-अलग रूट पर प्रति क्विंटल होने वाली बचत का विवरण सार्वजनिक करने की मांग भी उठाई है।
किसानों को उचित कीमत दिलाना भी जरूरी
भरत दिघोले के अनुसार, प्याज की ढुलाई सस्ती होना सकारात्मक कदम है, लेकिन किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना भी जरूरी है। इसके लिए बेहतर भंडारण, कम परिवहन लागत और स्थिर निर्यात नीति पर ध्यान देना होगा। संगठन ने कहा है कि वह किसानों को फैसले का वास्तविक लाभ दिलाने के लिए केंद्र, रेल मंत्रालय, APEDA और महाराष्ट्र सरकार के सामने अपनी मांगें उठाता रहेगा।

