Back Pain Radiating to Legs : आजकल घंटों एक ही जगह बैठकर काम करने, गलत पॉश्चर में उठने-बैठने और भारी सामान उठाने के कारण कमर दर्द की समस्या आम हो गई है। ज्यादातर लोग इसे थकान या मांसपेशियों में खिंचाव समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन अगर कमर में शुरू हुआ दर्द धीरे-धीरे जांघों से होता हुआ पैरों तक पहुंचने लगे, तो सावधान हो जाना चाहिए। यह शरीर की नसों पर दबाव पड़ने का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में दर्द के साथ झनझनाहट, सुन्नपन और पैरों में कमजोरी भी महसूस हो सकती है।
क्यों कमर का दर्द पैरों तक पहुंचने लगता है?
प्रभात खबर से बातचीत में भगवान महावीर मणिपाल हॉस्पिटल, रांची के सीनियर कंसल्टेंट (न्यूरोसर्जरी) डॉ. विक्रम सिंह ने बताया कि कमर से पैरों तक फैलने वाला दर्द अक्सर नसों पर दबाव के कारण हो सकता है। इस समस्या को आमतौर पर सायटिका के नाम से जाना जाता है।

दरअसल, हमारी रीढ़ की हड्डी यानी स्पाइन में मौजूद डिस्क के अंदर का मुलायम हिस्सा बाहर निकलकर आसपास की नसों को दबा सकता है। इस स्थिति को हर्निएटेड डिस्क कहा जाता है। इसके अलावा स्पाइनल कैनाल के संकरा होने से भी नसों पर दबाव पड़ सकता है। इसके कारण कमर से लेकर पैर तक एक तरफ तेज दर्द महसूस हो सकता है।

कमर दर्द के साथ दिखें ये पांच लक्षण तो रहें सतर्क
1. पैरों तक पहुंचने वाला दर्द: अगर दर्द कमर से शुरू होकर धीरे-धीरे जांघों और पैरों तक फैलने लगे, तो यह नसों में परेशानी का संकेत हो सकता है।
2. पैरों में झनझनाहट और सुन्नपन: पैरों में बार-बार चींटी काटने जैसा महसूस होना या संवेदना कम होना भी नसों पर दबाव का लक्षण हो सकता है।

3. मांसपेशियों में कमजोरी: अगर पैरों की ताकत कम होने लगे, चलने में परेशानी हो या पैर उठाने में दिक्कत आए, तो डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
4. लगातार बना रहने वाला दर्द: कमर और पैरों में दर्द लंबे समय तक बना रहे या धीरे-धीरे बढ़ता जाए, तो इसे सामान्य थकान समझकर अनदेखा न करें।
5. रोजमर्रा के कामों में परेशानी: लंबे समय तक बैठने, खड़े रहने और चलने में कठिनाई होना भी इस समस्या का संकेत हो सकता है।
नसों और रीढ़ की हड्डी को स्वस्थ रखने के लिए अपनाएं ये आदतें
डॉ. विक्रम सिंह के मुताबिक, रोजमर्रा की कुछ आदतों में सुधार करके स्पाइन को स्वस्थ रखने में मदद मिल सकती है। इसके लिए नियमित शारीरिक गतिविधियां करें और पीठ व पेट की मांसपेशियों को मजबूत बनाने वाली एक्सरसाइज अपनाएं।
लंबे समय तक एक ही जगह बैठकर काम करने से बचें। बीच-बीच में ब्रेक लें और बैठते समय शरीर का पॉश्चर सही रखें। भारी सामान उठाते समय कमर पर अचानक दबाव डालने के बजाय घुटनों को मोड़कर सामान उठाएं।
कमर से पैरों तक दर्द पहुंचने पर कैसे होता है इलाज?
इस समस्या का इलाज दर्द के कारण और गंभीरता पर निर्भर करता है। ज्यादातर मामलों में डॉक्टर दवाओं, फिजियोथेरेपी और रोजमर्रा की गतिविधियों में बदलाव की सलाह दे सकते हैं। हर मरीज को ऑपरेशन कराने की जरूरत नहीं होती।
हालांकि, अगर हर्निएटेड डिस्क या स्पाइनल कैनाल के संकरा होने से नसों पर गंभीर दबाव पड़ रहा हो, तो डॉक्टर डिसेक्टोमी या लैमिनेक्टोमी जैसी सर्जरी की सलाह दे सकते हैं।
पेशाब में परेशानी और पैरों में कमजोरी हो तो तुरंत जाएं अस्पताल
अगर कमर दर्द के साथ पेशाब या मल पर नियंत्रण रखने में परेशानी होने लगे, जांघों के अंदरूनी हिस्से या प्राइवेट पार्ट्स के आसपास सुन्नपन महसूस हो अथवा दोनों पैरों में कमजोरी बढ़ने लगे, तो तुरंत इमरजेंसी मेडिकल सहायता लें। ये गंभीर नसों पर दबाव के संकेत हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में इलाज में देरी करना खतरनाक हो सकता है।

