Banke Bihari VIP Entry : वृंदावन के प्रसिद्ध श्री बांके बिहारी मंदिर में VIP दर्शन को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। अब मंदिर में VIP प्रोटोकॉल के तहत दर्शन करने वाले लोगों को पहले पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद उन्हें विशेष पर्ची जारी की जाएगी। इस पर्ची के आधार पर ही मंदिर में प्रवेश की अनुमति मिलेगी। हाईपावर्ड मैनेजमेंट कमेटी के निर्देश पर यह व्यवस्था शुरू की गई है। इसका उद्देश्य VIP दर्शन के नाम पर होने वाली अव्यवस्थाओं और अनियमितताओं पर रोक लगाना है।
गेट नंबर 4 पर बनाया गया विशेष VIP काउंटर
नई व्यवस्था के तहत मंदिर के निकास द्वार संख्या चार पर विशेष VIP रजिस्ट्रेशन काउंटर स्थापित किया गया है। यहां सेवायत गोस्वामियों के साथ आने वाले यजमानों और पुलिस या जिला प्रशासन के माध्यम से पहुंचने वाले विशिष्ट व्यक्तियों का तत्काल पंजीकरण किया जाएगा। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद संबंधित व्यक्ति को VIP दर्शन की पर्ची दी जाएगी। इसी पर्ची को प्रवेश के लिए अनिवार्य प्रमाण माना जाएगा।

सेवायत गोस्वामियों के मेहमानों को भी कराना होगा रजिस्ट्रेशन
मंदिर प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि अब सेवायत गोस्वामियों के मेहमानों को सीधे VIP रास्ते से प्रवेश नहीं मिलेगा। उन्हें भी निर्धारित काउंटर पर पहुंचकर पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद ही उन्हें विशेष दर्शन की सुविधा मिलेगी। पुलिस और प्रशासन के माध्यम से आने वाले लोगों के लिए भी यही नियम लागू किया गया है।

इससे पहले मंदिर प्रबंधन समिति VIP पर्चियों की डुप्लिकेट और फोटोकॉपी के इस्तेमाल पर रोक लगा चुकी है। अब नई व्यवस्था के जरिए VIP दर्शन को निर्धारित प्रोटोकॉल के दायरे में लाने की कोशिश की जा रही है।
VIP काउंटर पर दो कर्मचारी और छह सुरक्षाकर्मी तैनात
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए काउंटर पर दो कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। इनमें से एक कर्मचारी पुलिस के माध्यम से आने वाले विशिष्ट व्यक्तियों का पंजीकरण करेगा, जबकि दूसरा सेवायत गोस्वामियों के यजमानों का रजिस्ट्रेशन कर पर्ची जारी करेगा।

व्यवस्था की निगरानी और सुरक्षा के लिए काउंटर तथा प्रवेश मार्ग के आसपास दो सुरक्षा गार्ड और चार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मंदिर प्रबंधन का उद्देश्य है कि मौके पर ही पंजीकरण पूरा हो और किसी वास्तविक आगंतुक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
VIP दर्शन के लिए तय किया गया अलग रास्ता
नई व्यवस्था में VIP श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए अलग मार्ग निर्धारित किया गया है। पंजीकरण कराने के बाद उन्हें एग्जिट गेट नंबर चार पर बनाई गई बैरिकेडिंग वाली कतार से VIP दर्शन एन्क्लोजर तक पहुंचाया जाएगा। दर्शन पूरा होने के बाद श्रद्धालु गेट नंबर एक से बाहर निकलेंगे।
इससे VIP आगंतुकों की आवाजाही गेट नंबर दो और तीन से प्रवेश करने वाले सामान्य श्रद्धालुओं से अलग रहेगी। मंदिर प्रशासन को उम्मीद है कि इससे भीड़ नियंत्रण में मदद मिलेगी और आम भक्तों को दर्शन के दौरान कम परेशानी होगी।
आम श्रद्धालुओं को मिलेगी भीड़ से राहत
मंदिर में VIP समूहों की आवाजाही के कारण अक्सर सामान्य श्रद्धालुओं को लंबी कतारों और भीड़ का सामना करना पड़ता है। नई व्यवस्था से VIP और सामान्य दर्शन की प्रक्रिया अलग-अलग रखने में मदद मिलेगी। सुप्रीम कोर्ट भी मंदिर प्रबंधन समिति को भीड़ नियंत्रण और दैनिक व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दे चुका है। ऐसे में नई पर्ची व्यवस्था को मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


