Europe Bomb Threat : यूरोप में गुरुवार को एक बार फिर बम धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी। अलग-अलग देशों के हवाई अड्डों पर मिले धमकी भरे संदेशों के बाद करीब 12 विमानों को डायवर्ट करना पड़ा या उनकी इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। एक ही सप्ताह के भीतर दूसरी बार इस तरह की घटनाएं सामने आई हैं। इसके चलते यूरोप के कई प्रमुख एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच और निगरानी बढ़ा दी गई। यात्रियों के बीच भी डर और असमंजस का माहौल देखने को मिला। हालांकि, शुरुआती जांच में किसी भी विमान से विस्फोटक बरामद होने की सूचना नहीं मिली।
डबलिन से रोम जा रही फ्लाइट की फ्रांस में इमरजेंसी लैंडिंग
बम धमकी के बाद सबसे चर्चित घटनाओं में से एक आयरलैंड की एयरलाइन एर लिंगस (Aer Lingus) की फ्लाइट EI402 से जुड़ी रही। यह विमान डबलिन से रोम जा रहा था, लेकिन सुरक्षा अलर्ट मिलने के बाद इसे फ्रांस के एवरेक्स एयरपोर्ट पर उतार दिया गया। यह हवाई अड्डा पेरिस से करीब 100 किलोमीटर दूर स्थित है। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद संबंधित सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए पूरे विमान की तलाशी ली गई।

फिनएयर और LOT की उड़ानों को भी करना पड़ा डायवर्ट
हेलसिंकी से रोम जा रही फिनएयर की फ्लाइट को भी बम की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा निगरानी में रोम के फिमिसिनो एयरपोर्ट पर उतारा गया। इटली की वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने उड़ान को एस्कॉर्ट किया। लैंडिंग के बाद इटली पुलिस ने विमान की गहन तलाशी ली, लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इसी तरह पोलैंड की एयरलाइन LOT के एक विमान को बेल्जियम के ब्रसेल्स जावेंटम एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। जांच के बाद एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि विमान में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

बुल्गारिया और चेक गणराज्य में भी सुरक्षा अलर्ट
एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के अनुसार, पूर्वी और मध्य यूरोप के कई देशों में भी बम धमकियों के कारण हवाई यातायात प्रभावित हुआ। बुल्गारिया में तीन विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इनमें कोपेनहेगन और मैड्रिड से आने वाली दो उड़ानें सोफिया में उतारी गईं, जबकि लंदन से आने वाले विमान को प्लोवदिव एयरपोर्ट पर उतारा गया। दूसरी ओर, चेक गणराज्य की राजधानी प्राग पहुंचने वाले चार विमानों को विस्फोटक उपकरण होने की धमकी मिली। अधिकारियों ने खतरे का स्तर कम बताया, लेकिन एहतियातन विमानों की जांच की गई।
रोमानिया में 200 यात्रियों को विमान से सुरक्षित निकाला गया
रोमानिया के हेनरी कोआंडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी बम की धमकी के बाद अफरा-तफरी मच गई। मिलान से बुखारेस्ट जा रही विज एयर (Wizz Air) की फ्लाइट को सुरक्षा अलर्ट के तहत जांच के लिए रोका गया। विमान में सवार करीब 200 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते ने विमान की तलाशी ली। सुरक्षा अधिकारियों ने विमान के भीतर संभावित विस्फोटक सामग्री की जांच की। इस घटना ने यूरोप के हवाई परिवहन नेटवर्क में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है।

मंगलवार को भी सात विमानों और क्रूज शिप को मिली थी धमकी
यूरोप में बम धमकियों का सिलसिला गुरुवार से पहले भी सामने आ चुका है। मंगलवार को कम से कम सात विमानों और एक क्रूज शिप को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इन धमकियों के कारण कई हवाई अड्डों पर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। उस समय भी सुरक्षा एजेंसियों ने संबंधित विमानों और जहाज की जांच की थी, लेकिन किसी भी स्थान से विस्फोटक बरामद नहीं हुआ था। एक सप्ताह के भीतर बार-बार ऐसी घटनाएं सामने आने से यूरोपीय सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
रूस और ईरान पर क्यों जताया जा रहा है शक?
इन धमकियों की जिम्मेदारी अभी तक किसी संगठन या व्यक्ति ने नहीं ली है। इसके बावजूद यूरोपीय अधिकारी इन घटनाओं को रूस और ईरान से जुड़ी संभावित हाइब्रिड अटैक तथा तोड़फोड़ की गतिविधियों के नजरिए से देख रहे हैं। हालांकि, इन देशों की संलिप्तता को लेकर अभी कोई ठोस सार्वजनिक प्रमाण सामने नहीं आया है। हाल के दिनों में यूरोप के कई सुपरमार्केट के रेफ्रिजरेशन सिस्टम और फ्रांस के ब्लड बैंकों को भी अज्ञात हैकर्स ने निशाना बनाया था। इन साइबर हमलों के कारण कुछ स्थानों पर तापमान नियंत्रण व्यवस्था प्रभावित होने की खबरें सामने आई थीं।
यूरोप की सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
लगातार मिल रही बम धमकियों ने यूरोप के हवाई यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। फिलहाल संबंधित देशों की एजेंसियां विमानों की जांच, यात्रियों की सुरक्षा और धमकी भरे संदेशों के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर एक ही सप्ताह में इतनी बड़ी संख्या में विमानों को निशाना बनाने वाली धमकियों के पीछे कौन है और क्या इन घटनाओं का आपस में कोई संबंध है?

