Maharashtra Politics : महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। पिछले दो दिनों में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के बेटे और राज्यसभा सांसद पार्थ पवार ने अपने दादा तथा NCP (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से मुंबई स्थित उनके आवास सिल्वर ओक में लगातार दो मुलाकातें कीं। दोनों बैठकों में करीब दो-दो घंटे तक बातचीत हुई। इन मुलाकातों के बाद राज्य की सियासत में नए राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
शरद पवार और पार्टी नेताओं के बीच भी हुई बैठक
रविवार शाम को शरद पवार ने अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ भी अलग से बैठक की। हालांकि, इन मुलाकातों में शामिल नेताओं की ओर से कहा जा रहा है कि वे शरद पवार की तबीयत का हालचाल जानने और उनका स्वास्थ्य देखने पहुंचे थे। गौरतलब है कि हाल ही में शरद पवार को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार होने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। इसके बावजूद लगातार हो रही राजनीतिक मुलाकातों ने विलय की चर्चाओं को फिर हवा दे दी है।

उद्धव ठाकरे भी सिल्वर ओक जाकर करेंगे मुलाकात
इसी बीच शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे के भी सिल्वर ओक पहुंचकर शरद पवार से मुलाकात करने का कार्यक्रम है। इससे पहले शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत और पार्टी के अन्य नेता भी शरद पवार से मिल चुके हैं। वहीं, NCP नेता प्रफुल्ल पटेल के भी उनसे मुलाकात करने की संभावना जताई जा रही है। इन लगातार मुलाकातों को लेकर राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, अभी तक किसी भी नेता ने दोनों गुटों के विलय को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

बीजेपी के साथ जाने की अटकलों को संजय राउत ने नकारा
NCP (शरदचंद्र पवार) के नेताओं का कहना है कि दोनों गुटों के विलय की कोई संभावना नहीं है। शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने भी शरद पवार के बीजेपी के साथ जाने की चर्चाओं को खारिज किया है। उनका कहना है कि वह शरद पवार को लंबे समय से जानते हैं। शरद पवार ने वर्षों तक धर्मनिरपेक्ष विचारधारा के आधार पर राजनीति की है और उनकी पार्टी बीजेपी के साथ नहीं जा सकती।
कांग्रेस नेता ने बताया बीजेपी का प्रोपेगेंडा
कांग्रेस नेता हुसैन दलवाई ने भी NCP के दोनों गुटों के विलय की खबरों को बीजेपी का प्रोपेगेंडा बताया है। उनका आरोप है कि इस तरह की चर्चाएं इंडिया गठबंधन में मतभेद पैदा करने और विपक्षी एकता को कमजोर करने के उद्देश्य से फैलाई जा रही हैं। विपक्षी नेताओं के इन बयानों से साफ है कि विलय की अटकलों पर राजनीतिक मतभेद भी सामने आ रहे हैं।

विपक्ष में ही रहेगी शरद पवार की पार्टी: प्रवक्ता
NCP (शरदचंद्र पवार) के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनीश गवांदे ने विलय की चर्चाओं को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि शरद पवार की तबीयत खराब थी, इसलिए नेता उनसे मिलने और स्वास्थ्य का हाल जानने पहुंच रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी विपक्ष में है और आगे भी विपक्ष में ही रहेगी। शरद पवार ने हाल ही में पार्टी की बैठक में भी साफ किया था कि पार्टी अपनी मौजूदा राजनीतिक स्थिति में रहकर काम करेगी।
2023 से चल रही हैं विलय को लेकर अटकलें
अनीश गवांदे के मुताबिक, वर्ष 2023 से लगातार कभी NCP के कांग्रेस में विलय, कभी बीजेपी के साथ जाने और कभी दोनों गुटों के एक होने की चर्चाएं होती रही हैं, लेकिन इनमें कोई सच्चाई नहीं है। अजित पवार गुट के नेताओं की वापसी के सवाल पर उन्होंने कहा कि शरद पवार ने पार्टी में आने के इच्छुक लोगों के लिए दरवाजे खुले रखे हैं। हालांकि, अजित पवार गुट के विधायकों, सांसदों या नेताओं की वापसी को लेकर फिलहाल कोई बातचीत नहीं चल रही है। ऐसे में महाराष्ट्र की राजनीति में विलय को लेकर जारी अटकलों पर अभी विराम लगता नहीं दिख रहा है।


