Nvidia CEO Jensen Huang : दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया (Nvidia) के CEO जेन्सेन हुआंग एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स में उनके निजी संबंधों को लेकर कई दावे किए गए हैं। द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, हुआंग के नाम का संबंध कंपनी की एक वरिष्ठ महिला अधिकारी किम्बर्ली पॉवेल के साथ भी जोड़ा गया है। पॉवेल एनवीडिया में हेल्थकेयर डिवीजन की वाइस प्रेसिडेंट हैं और सीधे कंपनी के CEO को रिपोर्ट करने वाले वरिष्ठ अधिकारियों में शामिल बताई जाती हैं।
किम्बर्ली पॉवेल कौन हैं और Nvidia में क्या है उनकी भूमिका?
एनवीडिया की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, 48 वर्षीय किम्बर्ली पॉवेल वर्ष 2008 में कंपनी से जुड़ी थीं। वर्तमान में वह कंपनी के वैश्विक हेल्थकेयर कारोबार की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। उनके काम में हेल्थकेयर सेक्टर के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एक्सीलरेटेड कंप्यूटिंग और विजुअलाइजेशन से जुड़े हार्डवेयर एवं सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म शामिल हैं। इन तकनीकों का इस्तेमाल मेडिकल इमेजिंग, लाइफ साइंसेज, दवाओं की खोज और स्वास्थ्य संबंधी डेटा के विश्लेषण में किया जाता है।

कंपनी में लगातार आगे बढ़ती रहीं किम्बर्ली पॉवेल
किम्बर्ली पॉवेल ने एनवीडिया में अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। इससे पहले वह कंपनी के उच्च शिक्षा और रिसर्च कारोबार के साथ-साथ रणनीतिक कार्यक्रमों का नेतृत्व कर चुकी हैं। इनमें एनवीडिया AI लैब्स और एनवीडिया इनसेप्शन प्रोग्राम भी शामिल हैं। उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, उन्होंने मेडिकल इमेजिंग उपकरणों में एनवीडिया GPU को एक्सेलेरेटर प्लेटफॉर्म के रूप में स्थापित करने के काम से शुरुआत की थी।

2016 में मिली बड़ी जिम्मेदारी, 2017 में बनीं वाइस प्रेसिडेंट
पॉवेल के करियर में वर्ष 2016 महत्वपूर्ण रहा। इसी दौरान उन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बिजनेस डेवलपमेंट का सीनियर डायरेक्टर बनाया गया। इसके बाद 2017 के अंत तक उन्हें हेल्थकेयर डिवीजन का वाइस प्रेसिडेंट नियुक्त कर दिया गया। तब से वह कंपनी के इस महत्वपूर्ण कारोबार को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
टेक्नोलॉजी कॉन्फ्रेंस में भी सक्रिय रहती थीं पॉवेल
द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, किम्बर्ली पॉवेल दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित होने वाली टेक्नोलॉजी कॉन्फ्रेंस में एनवीडिया का प्रतिनिधित्व करती रही हैं। मार्च में उन्होंने सैन होसे में आयोजित कंपनी की सालाना डेवलपर कॉन्फ्रेंस GTC में भी हिस्सा लिया था। इस कार्यक्रम में उन्होंने हेल्थकेयर और बायोलॉजी के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल और उससे मिलने वाली संभावनाओं पर चर्चा की थी।

होटल में कथित करीबी मुलाकात का दावा
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि GTC कॉन्फ्रेंस के दौरान एनवीडिया के अधिकारी एक नजदीकी होटल में ठहरे हुए थे। इसी दौरान 63 वर्षीय जेन्सेन हुआंग और किम्बर्ली पॉवेल को कथित तौर पर एक-दूसरे के साथ काफी करीबी अंदाज में देखा गया। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने इस घटना को अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया था। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।
NDA पर हस्ताक्षर कराने का भी दावा
द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में तीन ऐसे लोगों के हवाले से दावा किया गया है, जिन्हें इस घटना की जानकारी थी। उनके मुताबिक, हुआंग की सुरक्षा टीम ने वीडियो बनाने वाले व्यक्ति को पकड़ लिया था और उससे नॉन-डिस्क्लोजर एग्रीमेंट (NDA) पर हस्ताक्षर करवाए गए थे। रिपोर्ट के अनुसार, जेन्सेन हुआंग और किम्बर्ली पॉवेल दोनों पहले से शादीशुदा हैं। फिलहाल इन कथित संबंधों और होटल की घटना को लेकर सामने आए दावों पर संबंधित पक्षों की आधिकारिक प्रतिक्रिया स्पष्ट नहीं है।


