Chhattisgarh Farmer News : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान ग्राम सेंदरी स्थित धान उपार्जन केंद्र में धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सबसे पहले पूजा-अर्चना की और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की पूजा कर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने स्वयं धान तौलकर किसानों से उपज खरीदने की प्रक्रिया शुरू कराई। इस दौरान किसानों ने धान से उनका तुलादान किया और आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
उपार्जन केंद्र की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
धान खरीदी की शुरुआत के बाद मुख्यमंत्री साय ने उपार्जन केंद्र परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं और सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों से खरीदी प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के संबंध में चर्चा की। मुख्यमंत्री ने परिसर में स्थित मंदिर में भी पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की।

3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा धान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सेंदरी की पावन भूमि से धान खरीदी का शुभारंभ करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप प्रदेश में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है। इसके तहत प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है।

किसानों की सुविधा के लिए खोले गए 360 नए केंद्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों को धान बेचने के लिए दूर न जाना पड़े और उपार्जन केंद्रों पर असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रदेश में 360 नए धान खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं। इसके साथ ही राज्य में धान उपार्जन केंद्रों की कुल संख्या लगभग 3100 हो गई है। सरकार का उद्देश्य खरीदी व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी बनाना है, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी न हो।
कम धान बेचने पर भी पात्र किसानों को मिलेगी पूरी आदान सहायता
मुख्यमंत्री साय ने किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि निर्धारित अधिकतम सीमा से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी उनके सत्यापित रकबे के आधार पर पूरी निर्धारित आदान सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वे स्वयं किसान परिवार से आते हैं और खेती-किसानी की चुनौतियों को अच्छी तरह समझते हैं। मौसम की मार, कम उत्पादन या दूसरी परिस्थितियों के कारण कई किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान नहीं बेच पाते। ऐसे किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाने के लिए सरकार ने यह व्यवस्था की है।

15 क्विंटल धान बेचने वाले किसान को भी मिलेगा पूरा लाभ
मुख्यमंत्री ने उदाहरण देकर समझाया कि यदि कोई पात्र किसान प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान बेचता है, तो उसे शेष 6 क्विंटल के समतुल्य आदान सहायता का लाभ भी मिलेगा। इस तरह पात्र किसान को प्रति एकड़ कुल 13,839 रुपये की निर्धारित आदान सहायता राशि प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की मेहनत का सम्मान करना, उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और खेती को लाभकारी बनाना सरकार का संकल्प है।
सेंदरी केंद्र में पहले दिन 52 क्विंटल धान की खरीदी
सेंदरी सेवा सहकारी समिति में खरीदी के पहले दिन तीन किसानों से कुल 52 क्विंटल धान खरीदा गया। इनमें खेमचरण पटेल से 24.80 क्विंटल, संदीप ध्रुव से 20.80 क्विंटल और संजय यादव से 6.40 क्विंटल धान लिया गया। तीनों किसान मोटा सरना किस्म की उपज लेकर केंद्र पहुंचे थे। इस समिति से सेंदरी, रमतला, कछार, गतौरी, अमतरा और नवगंवा के कुल 1,149 किसान सदस्य जुड़े हैं।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
धान खरीदी शुभारंभ कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल और सुशांत शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी और पूर्व सांसद लखन लाल साहू भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके अलावा संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Read More : Sonia Gandhi Memoir : सोनिया गांधी ने बताई संस्मरण लिखने की वजह, राजीव संग प्रेम कहानी के खोले कई राज

