भारतीय वायुसेना (IAF) ने फ्रांस से खरीदे गए राफेल लड़ाकू विमानों की संख्या को लेकर ब्रिटिश एविएशन और डिफेंस मैगजीन FlightGlobal की रिपोर्ट को खारिज कर दिया है। वायुसेना के सूत्रों ने पत्रिका की ओर से जारी आंकड़ों को तथ्यात्मक रूप से गलत और भ्रामक बताया है। दरअसल, FlightGlobal की आगामी ‘2027 World Air Forces Directory’ में भारतीय वायुसेना के सक्रिय राफेल विमानों की संख्या पहले के मुकाबले कम दिखाई गई है। इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद भारतीय रक्षा प्रतिष्ठान में नाराजगी देखी जा रही है।
FlightGlobal की 2027 रिपोर्ट में कितने राफेल विमान?
ब्रिटिश एविएशन मैगजीन FlightGlobal ने अपनी नई 2027 डायरेक्टरी में भारतीय वायुसेना के बेड़े में सिर्फ 32 सक्रिय राफेल लड़ाकू विमान होने का दावा किया है। जबकि पत्रिका के वर्ष 2026 के संस्करण में भारत के पास 35 सक्रिय राफेल विमान दर्ज किए गए थे। इस तरह एक साल के भीतर विमानों की संख्या में तीन की कमी दिखाई गई है।

यह आंकड़ा इसलिए भी सवालों के घेरे में है, क्योंकि भारत ने फ्रांस की विमान निर्माता कंपनी डसॉल्ट एविएशन के साथ कुल 36 राफेल विमानों की खरीद का समझौता किया था। समझौते के तहत सभी 36 विमान भारतीय वायुसेना को मिल चुके हैं। ऐसे में 2026 में 35 और 2027 में केवल 32 विमानों को सक्रिय बताने पर रिपोर्ट की विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

वायुसेना ने कहा- पहले भी गलत साबित हुए हैं आंकड़े
भारतीय वायुसेना के उच्च पदस्थ सूत्रों ने FlightGlobal के आंकड़ों पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय राफेल स्क्वाड्रन पूरी क्षमता के साथ काम कर रहा है। पत्रिका की ओर से विमानों की संख्या कम दिखाने का दावा वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाता।
वायुसेना सूत्रों के मुताबिक, FlightGlobal की डायरेक्टरी में पहले भी सैन्य विमानों की संख्या से संबंधित गलत आंकड़े प्रकाशित किए जा चुके हैं। जिन राफेल विमानों को रिपोर्ट में कम दिखाया गया है, वे भारतीय वायुक्षेत्र में नियमित रूप से उड़ान भर रहे हैं। इसके अलावा भारतीय वायुसेना के ये विमान अंतरराष्ट्रीय सैन्य अभ्यासों में भी हिस्सा ले रहे हैं। इससे साफ है कि विमानों की संख्या में कमी दिखाने वाले आंकड़ों पर भरोसा नहीं किया जा सकता।

भारत ने फ्रांस से खरीदे थे सभी 36 राफेल विमान
भारत ने सितंबर 2016 में फ्रांस के साथ 36 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद के लिए अंतर-सरकारी समझौता किया था। इस सौदे के तहत सभी विमान भारतीय वायुसेना के बेड़े में शामिल हो चुके हैं। राफेल विमानों को देश के दो महत्वपूर्ण रणनीतिक एयरबेस पर तैनात किया गया है।
हरियाणा के अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पर 17 स्क्वाड्रन यानी गोल्डन एरोज तैनात है, जबकि पश्चिम बंगाल के हासीमारा एयरफोर्स स्टेशन पर 101 स्क्वाड्रन यानी फाल्कन्स राफेल विमानों का संचालन करता है। ये दोनों स्क्वाड्रन देश की हवाई सुरक्षा और रणनीतिक तैयारियों में अहम भूमिका निभाते हैं।
राफेल बेड़े की सर्विसिबिलिटी को लेकर वायुसेना का बड़ा दावा
भारतीय वायुसेना के अधिकारियों के अनुसार, राफेल लड़ाकू विमानों के बेड़े की सर्विसिबिलिटी यानी परिचालन उपलब्धता का स्तर काफी ऊंचा है। विमानों की नियमित उड़ान और सैन्य अभ्यासों में उनकी भागीदारी इस बात का संकेत है कि राफेल बेड़ा सक्रिय है।
वायुसेना सूत्रों ने FlightGlobal की रिपोर्ट में विमानों की संख्या घटाए जाने के दावे को गलत बताया है। हालांकि, इस पूरे मामले में पत्रिका की ओर से स्पष्टीकरण सामने आने की जानकारी नहीं है। फिलहाल भारतीय वायुसेना ने अपने राफेल बेड़े को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए रिपोर्ट के आंकड़ों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

