BBC Financial Crisis : ब्रिटेन के सरकारी प्रसारक ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (BBC) पर आर्थिक संकट का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। खर्च में कटौती के लिए बीबीसी अब कर्मचारियों की छंटनी करने और टेलीविजन व रेडियो के कई लोकप्रिय कार्यक्रम बंद करने की तैयारी कर रहा है। ब्रिटेन की सरकारी खर्च निगरानी संस्था नेशनल ऑडिट ऑफिस (NAO) की नई रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि बीबीसी को अतिरिक्त 500 मिलियन पाउंड यानी करीब 50 करोड़ पाउंड की बचत करनी होगी। इस फैसले का असर कर्मचारियों से लेकर दर्शकों और श्रोताओं तक पड़ सकता है।
पहले ही 1800 पद खत्म करने का प्रस्ताव दे चुका है BBC
आर्थिक दबाव से निपटने के लिए बीबीसी पहले ही करीब 1,800 नौकरियां खत्म करने और कई रेडियो तथा टेलीविजन सेवाएं बंद करने का प्रस्ताव दे चुका है। NAO की समीक्षा के अनुसार, बीबीसी अपने मौजूदा 700 मिलियन पाउंड की बचत और पुनर्निवेश का लक्ष्य निर्धारित समय से एक साल पहले पूरा करने की दिशा में है। हालांकि, अगली 500 मिलियन पाउंड की कटौती पहले के मुकाबले कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण साबित हो सकती है।

2029 तक कर्मचारियों की संख्या में 11 प्रतिशत कमी
NAO की रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च 2029 तक लागू रहने वाली मौजूदा रणनीति के तहत मार्च 2026 की तुलना में बीबीसी के कुल कर्मचारियों की संख्या लगभग 11 प्रतिशत घट सकती है। इसके साथ ही संस्थान के कार्यक्रमों, प्रसारण सेवाओं और डिजिटल कंटेंट में भी बड़े बदलाव किए जाएंगे। इसका असर बीबीसी के पारंपरिक टेलीविजन और रेडियो दर्शकों पर भी पड़ सकता है।

लाइसेंस फीस में गिरावट से बढ़ा आर्थिक संकट
रिपोर्ट में बीबीसी की आर्थिक परेशानियों के पीछे चार प्रमुख कारण बताए गए हैं। इनमें टीवी लाइसेंस फीस से होने वाली कमाई में गिरावट, कार्यक्रम निर्माण की बढ़ती लागत, दर्शकों की बदलती पसंद और नेटफ्लिक्स तथा अमेजन जैसे स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म से बढ़ती प्रतिस्पर्धा शामिल हैं।
आंकड़ों के अनुसार, 2016-17 से 2025-26 के बीच महंगाई के प्रभाव को समायोजित करने के बाद बीबीसी की लाइसेंस फीस से वास्तविक आय में 26 प्रतिशत की गिरावट आई है। इसके चलते 2025-26 में उसकी सार्वजनिक प्रसारण सेवाओं का परिचालन घाटा 209 मिलियन पाउंड तक पहुंच गया।

BBC के दर्शकों और श्रोताओं की संख्या में भी गिरावट
बीबीसी की लोकप्रियता पर भी आर्थिक और डिजिटल बदलावों का असर दिखाई दे रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटेन में हर सप्ताह बीबीसी टेलीविजन, आईप्लेयर, रेडियो या ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले वयस्कों का अनुपात 2021-22 में 90 प्रतिशत था, जो 2025-26 में घटकर 81 प्रतिशत रह गया।
मास्टरमाइंड और ब्लैंकेटी ब्लैंक जैसे शो होंगे बंद
खर्च कम करने के लिए बीबीसी पहले ही समाचार, क्षेत्रीय प्रसारण और कंटेंट विभागों में लगभग 10 प्रतिशत बजट कटौती की योजना घोषित कर चुका है। इसके तहत कई लोकप्रिय कार्यक्रमों को बंद करने का फैसला लिया गया है। इनमें ‘सेलिब्रिटी मास्टरमाइंड’, ‘ब्लैंकेटी ब्लैंक’ और ‘लाइव एट द अपोलो’ जैसे चर्चित शो शामिल हैं।
इसके अलावा रेडियो 4 के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘द वर्ल्ड टुनाइट’ समेत कई अन्य कार्यक्रम भी बंद किए जा रहे हैं। इससे बीबीसी के पारंपरिक मनोरंजन और समाचार कार्यक्रमों की संख्या में कमी आ सकती है।
BBC थ्री और स्कॉटलैंड की पारंपरिक सेवाएं भी होंगी बंद
बीबीसी ने अपनी प्रसारण व्यवस्था में डिजिटल बदलाव की योजना भी बनाई है। इसके तहत BBC रेडियो 4 एक्स्ट्रा, BBC थ्री और BBC स्कॉटलैंड के पारंपरिक टेलीविजन एवं रेडियो प्रसारण बंद करने का प्रस्ताव है। BBC थ्री और BBC स्कॉटलैंड को केवल ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर संचालित करने की योजना बनाई गई है।
700 मिलियन पाउंड की बचत से डिजिटल सेवाओं को मिला था फायदा
NAO के अनुसार, बीबीसी ने पहले 700 मिलियन पाउंड की बचत योजना से 489 मिलियन पाउंड आईप्लेयर और डिजिटल समाचार जैसी आधुनिक सेवाओं में दोबारा निवेश किए थे। इसके परिणामस्वरूप आईप्लेयर के साप्ताहिक उपयोगकर्ताओं की संख्या 12.1 मिलियन से बढ़कर 15.4 मिलियन हो गई। लेकिन अब नई 500 मिलियन पाउंड की बचत का मुख्य उद्देश्य आर्थिक घाटा कम करना और संस्थान की वित्तीय स्थिति मजबूत करना होगा।
खर्च कटौती के असर पर निगरानी नहीं करने को लेकर सवाल
NAO ने अपनी रिपोर्ट में बीबीसी की कार्यप्रणाली पर भी चिंता जताई है। संस्था का कहना है कि पिछली कटौती से दर्शकों, श्रोताओं और सेवाओं की गुणवत्ता पर क्या असर पड़ा, इसका सही तरीके से मूल्यांकन नहीं किया गया। ब्रिटेन के मीडिया नियामक ऑफकॉम ने भी पहले इसी तरह की चिंता जाहिर की थी।
BBC के चार्टर नवीनीकरण से पहले बढ़ेंगी चुनौतियां
NAO के प्रमुख गैरेथ डेविस ने कहा कि बीबीसी के चार्टर का नवीनीकरण एक साल से कुछ अधिक समय बाद होना है। ऐसे में संस्थान को आने वाले दिनों में कई कठिन फैसले लेने पड़ेंगे।बीबीसी की ग्रुप चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर बेरांजेर मिशेल ने रिपोर्ट की सिफारिशों का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि बदलती दुनिया और बढ़ते आर्थिक दबाव के बीच संस्थान को मुश्किल फैसले लेने पड़ रहे हैं। हालांकि, कोशिश है कि इन बदलावों का दर्शकों और कर्मचारियों पर न्यूनतम असर पड़े।
उन्होंने मौजूदा वित्तीय व्यवस्था को अस्थिर बताते हुए कहा कि भविष्य में भी बीबीसी की सेवाएं जारी रखने के लिए सरकार के साथ पर्याप्त और टिकाऊ फंडिंग को लेकर बातचीत जारी रहेगी।

