Lucknow Traffic Diversion : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित लखनऊ दौरे को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शनिवार, 21 नवंबर को विभूतिखंड स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह-2026 का आयोजन होना है। इसके मद्देनजर लखनऊ पुलिस ने शहर के 35 प्रमुख स्थानों पर यातायात डायवर्जन लागू करने की व्यवस्था की है। संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार ने लोगों से प्रभावित मार्गों से बचने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक रहेगा डायवर्जन
यातायात पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक जरूरत के अनुसार छोटे वाहनों, बसों, बड़े और व्यावसायिक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित या परिवर्तित रहेगा। इसका असर गोमतीनगर, विभूतिखंड, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, कमता, पॉलिटेक्निक, शहीद पथ और अहिमामऊ जैसे प्रमुख इलाकों में पड़ सकता है।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के आसपास इन रास्तों पर रोक
डिगडिगा चौराहा, लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान तिराहा, पिकप ओवरब्रिज और कठौता चौराहे से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान की ओर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालकों को पिकप तिराहा, पॉलिटेक्निक, चिनहट, हुसड़िया और कठौता झील चौराहे जैसे वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। बैंक ऑफ इंडिया और समिट बिल्डिंग तिराहे से आने वाले वाहनों को भी पुलिस इन्क्लेव तथा गोमतीनगर रेलवे स्टेशन की ओर से निकाला जाएगा।

कमता और पॉलिटेक्निक क्षेत्र में भी बदलेगा रास्ता
कमता शहीद पथ तिराहे से विजयीपुर अंडरपास तक सर्विस रोड पर सामान्य यातायात बंद रहेगा। कमता से शहीद पथ की ओर जाने वाले वाहनों को पॉलिटेक्निक, चिनहट या कठौता के रास्ते जाना होगा। वहीं, पॉलिटेक्निक से हजरतगंज जाने वाले वाहन भूतनाथ, बादशाहनगर और निशातगंज होकर निकल सकेंगे। समता मूलक चौराहे से आने वाले वाहन पेपर मिल कॉलोनी और गोमती बैराज पुल का इस्तेमाल कर सकते हैं।
शहीद पथ के कई अंडरपास और चौराहे रहेंगे प्रभावित
प्रधानमंत्री के काफिले की आवाजाही के दौरान शहीद पथ पर कई अंडरपास और प्रवेश मार्गों से यातायात रोका जाएगा। अय्यपा, हुसड़िया, मलेशेमऊ, नीलमथा और सेक्टर-8 अंडरपास समेत कई स्थानों से शहीद पथ पर सामान्य वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा। इन वाहनों को हुसड़िया, ग्वारी, दयाल पैराडाइज, पिपराघाट, जनेश्वर मिश्र पार्क और वृंदावन योजना की ओर से वैकल्पिक रास्ते दिए जाएंगे।

कानपुर, उन्नाव और अयोध्या से आने वाले वाहनों के लिए निर्देश
कानपुर और उन्नाव की ओर से आने वाली बसों, बड़े और व्यावसायिक वाहनों को शहीद पथ की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें दरोगाखेड़ा किसान पथ अंडरपास से किसान पथ की ओर भेजा जाएगा। अयोध्या और बाराबंकी मार्ग से कमता की ओर आने वाले बड़े वाहनों को इंदिरा नहर पुल से किसान पथ की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
अहिमामऊ और पीजीआई क्षेत्र में भी लागू रहेगा डायवर्जन
सुल्तानपुर मार्ग, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और रायबरेली मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। कबीरपुर किसान पथ अंडरपास, खुर्दही बाजार और एचसीएल तिराहे से अहिमामऊ तथा शहीद पथ की ओर जाने वाले यातायात को रोका जाएगा। वाहनों को किसान पथ, अंसल और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।
एंबुलेंस और दमकल वाहनों को मिलेगी प्राथमिकता
यातायात पुलिस के मुताबिक, चिकित्सकीय आपात स्थिति में जरूरत के अनुसार प्रतिबंधित मार्गों पर भी आवागमन की अनुमति दी जाएगी। एंबुलेंस, फायर सर्विस, स्कूली और शव वाहनों को ट्रैफिक या स्थानीय पुलिस की मदद से रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा। यातायात संबंधी परेशानी के लिए कंट्रोल रूम नंबर 9454405155 जारी किया गया है।
शाम 5:30 बजे कौशल दीक्षांत समारोह में पहुंचेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम करीब 5:30 बजे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम में देशभर के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों और प्रशिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों के 52 प्रतिभाशाली प्रशिक्षुओं को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। समारोह का उद्देश्य कौशल विकास को प्रोत्साहन देना और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना है।
पुलिस की अपील: घर से निकलने से पहले जांच लें रास्ता
पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे शहीद पथ, गोमतीनगर, विभूतिखंड, कमता, अहिमामऊ और एयरपोर्ट की ओर जाते समय अतिरिक्त समय लेकर निकलें। अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। घर से निकलने से पहले वैकल्पिक रास्तों की जानकारी लेने से जाम और परेशानी से बचा जा सकता है।
Read More : Trump on India Economy: भारत की कम ब्याज दरों की ट्रंप ने की तारीफ, अमेरिकी फेडरल रिजर्व पर बरसे

