Ambikapur News : सरगुजा संभाग में आधुनिक चिकित्सा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। अंबिकापुर के लाइफलाइन हॉस्पिटल में पहली बार रीढ़ की हड्डी (स्पाइन) की मिनिमली इनवेसिव तकनीक से सफल सर्जरी की गई है। करीब दो साल से रीढ़ की गंभीर चोट के कारण सीधे खड़े होने और चलने में परेशानी झेल रहे 54 वर्षीय मरीज का न्यूरोसर्जन डॉ. नितेश दुबे की टीम ने सफल ऑपरेशन किया। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति पूरी तरह स्वस्थ बताई गई है। इस उपलब्धि से अब सरगुजा क्षेत्र के मरीजों को स्पाइन की आधुनिक सर्जरी के लिए महानगरों का रुख करने की जरूरत कम होने की उम्मीद जगी है।
दो साल पहले ऊंचाई से गिरने के बाद गंभीर हुई थी स्थिति
जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के डेडरी, सपकरा निवासी कपूर प्रसाद (54 वर्ष) करीब दो वर्ष पहले ऊंचाई से गिर गए थे। इस हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई थी। चोट के कारण उनकी कमर पूरी तरह झुक गई थी और वह सीधे खड़े होकर चलने में असमर्थ थे। लंबे समय तक परेशानी झेलने के बाद वे उपचार के लिए अंबिकापुर स्थित लाइफलाइन हॉस्पिटल पहुंचे।

जांच में डी-11 वर्टिब्रा में फ्रैक्चर का चला पता
लाइफलाइन हॉस्पिटल में न्यूरोसर्जन डॉ. नितेश दुबे ने मरीज की जांच की। जांच में पता चला कि उनकी रीढ़ की हड्डी के डी-11 वर्टिब्रा में फ्रैक्चर है। इसी वजह से उन्हें सीधे खड़े होने और सामान्य रूप से चलने में परेशानी हो रही थी। इसके बाद मरीज और उनके परिजनों को मिनिमली इनवेसिव सर्जरी की प्रक्रिया और इसके संभावित लाभों की जानकारी दी गई। परिजनों की सहमति के बाद कपूर प्रसाद को ऑपरेशन के लिए भर्ती किया गया।

5 एमएम के छोटे छेद से की गई सफल सर्जरी
डॉ. नितेश दुबे के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने मिनिमली इनवेसिव तकनीक से डी-11 वर्टिब्रा की सफल सर्जरी की। इस प्रक्रिया में पारंपरिक ओपन सर्जरी की तरह बड़ा चीरा लगाने के बजाय मात्र 5 एमएम के छोटे छेद से ऑपरेशन किया गया। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति में सुधार हुआ और वह पूरी तरह स्वस्थ बताया गया है।
ओपन सर्जरी की तुलना में कम चीरा और जल्दी रिकवरी
न्यूरोसर्जन डॉ. नितेश दुबे ने बताया कि रीढ़ की हड्डी से जुड़े ऐसे मामलों में पारंपरिक रूप से ओपन सर्जरी की जाती है, जिसमें करीब 10 सेंटीमीटर तक का चीरा लगाना पड़ सकता है। इस प्रक्रिया में संक्रमण, अधिक दर्द, कमजोरी, नसों को नुकसान और लंबे समय तक बिस्तर पर रहने जैसी जटिलताओं की आशंका रहती है।

वहीं मिनिमली इनवेसिव तकनीक में केवल 5 एमएम के छोटे छेद से सर्जरी की जाती है। इससे शरीर के आसपास के ऊतकों को कम नुकसान पहुंचता है और मरीज को अपेक्षाकृत कम दर्द तथा तेजी से रिकवरी का लाभ मिल सकता है। डॉ. दुबे के अनुसार, इस तकनीक से ऑपरेशन कराने वाले मरीज की स्थिति अनुकूल रहने पर वह अगले ही दिन चलना शुरू कर सकता है।
महानगरों जैसी आधुनिक सुविधा अब अंबिकापुर में
अब तक रीढ़ की हड्डी की इस तरह की आधुनिक सर्जरी के लिए मरीजों को बड़े महानगरों के अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ता था। वहां उपचार का खर्च भी अपेक्षाकृत अधिक हो सकता है। ऐसे में अंबिकापुर में इस तकनीक से सफल सर्जरी होना सरगुजा संभाग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। इससे क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर आधुनिक उपचार की सुविधा मिलने की उम्मीद बढ़ी है।
लाइफलाइन हॉस्पिटल के प्रमुख डॉ. अमित असाटी (एमडी मेडिसिन) और डायरेक्टर विवेक दुबे ने इस उपलब्धि पर न्यूरोसर्जन डॉ. नितेश दुबे, डॉ. शिवम एवं पूरी मेडिकल टीम को बधाई दी है।

