PM Modi Bihar Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने बिहार दौरे के दौरान वैशाली में कच्ची दरगाह-बिदुपुर के बीच बने छह लेन के नीतीश सेतु का उद्घाटन किया। गंगा नदी पर तैयार यह महत्वपूर्ण पुल उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा। इस परियोजना के शुरू होने से स्थानीय लोगों, यात्रियों और व्यापारिक गतिविधियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री ने उद्घाटन के बाद गमछा लहराकर वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला।
पटना एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब शनिवार दोपहर पटना पहुंचे तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीर प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की। उन्होंने लिखा, ‘पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार जी से मिलकर अत्यंत प्रसन्नता हुई।’ इसके बाद प्रधानमंत्री वैशाली पहुंचे और नीतीश सेतु को राष्ट्र को समर्पित किया। इस दौरे को बिहार में विकास और बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कच्ची दरगाह-बिदुपुर संपर्क मार्ग को मिलेगी नई रफ्तार
छह लेन का नीतीश सेतु कच्ची दरगाह और बिदुपुर के बीच आवागमन को आसान बनाएगा। इस पुल के शुरू होने से उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच यात्रा अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है। अब तक गंगा के दोनों किनारों के बीच आने-जाने के लिए लोगों को सीमित सड़क संपर्क पर निर्भर रहना पड़ता था। नए पुल से यातायात का दबाव कम करने और मालवाहक वाहनों की आवाजाही को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

14,450 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे के दौरान करीब 14,450 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी कार्यक्रम में शामिल है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य में सड़क, बिजली, शिक्षा, शहरी सुविधाओं और सार्वजनिक परिवहन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है।
साहेबगंज-अरेराज-बेतिया फोरलेन सड़क का होगा निर्माण
सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए NH-139W के साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड को चार लेन में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना पर 3,800 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। इससे क्षेत्र में यातायात और परिवहन सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा।

पीरपैंती सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट को मजबूती
बिहार में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पीरपैंती सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की 3×800 मेगावाट क्षमता वाली इकाइयों के लिए पावर एवैक्यूएशन सिस्टम का शिलान्यास किया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 3,350 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
11 शहरों में सीवरेज और जलापूर्ति नेटवर्क का विस्तार
बेगूसराय, बिहारशरीफ, पूर्णिया, हाजीपुर, मोतिहारी, दानापुर, खगड़िया, समस्तीपुर, बोधगया, सीतामढ़ी और सहरसा में आधुनिक सीवरेज तथा जलापूर्ति नेटवर्क विकसित करने की योजनाएं भी शामिल हैं। इससे शहरी नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकेंगी।
IIT पटना और शैक्षणिक संस्थानों को मिलेगी नई सुविधा
शिक्षा के क्षेत्र में IIT पटना के रिसर्च पार्क और हॉस्टल के अलावा डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थानों से जुड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। पुलिस डेटा सेंटर की स्थापना भी प्रस्तावित विकास कार्यों में शामिल है।
100 ई-बसों को हरी झंडी, 26,900 परिवारों का गृह प्रवेश
प्रधानमंत्री बिहार में सार्वजनिक परिवहन को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए 100 नई पीएम-ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बने मकानों में 26,900 से अधिक लाभार्थी परिवारों का डिजिटल माध्यम से गृह प्रवेश कराया जाएगा। इन परियोजनाओं से बिहार में परिवहन, आवास और शहरी विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

