Balen Shah India Visit : नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की आगामी भारत यात्रा को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस बीच नेपाल की प्रमुख विपक्षी पार्टी नेपाली कांग्रेस ने प्रधानमंत्री को महत्वपूर्ण सलाह दी है। पार्टी ने स्पष्ट कहा है कि भारत के साथ होने वाली बातचीत, द्विपक्षीय समझौतों और सहयोग से जुड़े फैसलों में नेपाल के राष्ट्रीय हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए। नेपाली कांग्रेस का मानना है कि आपसी सम्मान, संप्रभु समानता और राष्ट्रीय हितों के आधार पर ही दोनों देशों के संबंधों को मजबूत बनाया जा सकता है।
34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत आएंगे बालेन शाह
प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह रविवार को 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ दो दिवसीय आधिकारिक भारत यात्रा पर रवाना होंगे। 27 मार्च को प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा होगी। इससे पहले वह सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल होने के लिए अमेरिका गए थे। ऐसे में उनकी भारत यात्रा को कूटनीतिक और राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

नेपाली कांग्रेस ने बयान जारी कर सरकार को दी नसीहत
नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विश्व प्रकाश शर्मा ने एक बयान जारी कर सरकार से भारत के साथ बातचीत में राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की भारत यात्रा का उद्देश्य नेपाल के हितों को आगे बढ़ाना और दोनों देशों के बीच पारस्परिक संबंधों को मजबूत करना होना चाहिए।275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा में 38 सीटों वाली नेपाली कांग्रेस ने बताया कि भारत के साथ द्विपक्षीय सहयोग के अलग-अलग क्षेत्रों पर सरकार को रचनात्मक सुझाव देने के लिए विषय विशेषज्ञों के साथ आंतरिक चर्चा की गई है। पार्टी का कहना है कि इन सुझावों से यात्रा के दौरान महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रभावी बातचीत करने में मदद मिल सकती है।

व्यापार, पर्यटन और ऊर्जा समेत कई मुद्दों पर चर्चा
नेपाली कांग्रेस की आंतरिक चर्चा में जलवायु परिवर्तन, हवाई संपर्क, पर्यटन, व्यापार, ऊर्जा, खेल, उद्यमिता और सीमा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। इसके अलावा भारत-नेपाल सीमा पर रहने वाले नागरिकों की समस्याओं और भारत में रोजगार करने वाले नेपाली श्रमिकों को होने वाली परेशानियों पर भी विचार किया गया।पार्टी ने जोर दिया कि दोनों देशों के बीच सहयोग केवल आर्थिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।
लंबित समझौतों और पुराने वादों को पूरा करने की मांग
नेपाली कांग्रेस ने प्रधानमंत्री बालेन शाह से भारत यात्रा के दौरान लंबे समय से लंबित मुद्दों को उठाने की अपील की है। पार्टी चाहती है कि पुराने वादों को पूरा करने के साथ आपसी लाभ पर आधारित दीर्घकालिक सहयोग की मजबूत नींव रखी जाए। इसके लिए राष्ट्रीय हितों से जुड़े विषयों पर व्यापक चर्चा और साझा सहमति जरूरी बताई गई है।

राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी से होगी मुलाकात
भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी प्रतिनिधिमंडल स्तर की द्विपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी नेपाली प्रधानमंत्री से शिष्टाचार भेंट करेंगे। नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने शुक्रवार को विदेश मंत्रालय में मीडिया को इन बैठकों की जानकारी दी।
जेन जी आंदोलन के बाद नेपाल की राजनीति में आया बदलाव
नेपाल में पिछले साल सितंबर में हुए जेन जी आंदोलन के बाद देश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला था। युवा प्रदर्शनकारियों के विरोध के चलते तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की सरकार गिर गई थी। इसके लगभग छह महीने बाद राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के नेता बालेंद्र शाह के नेतृत्व में नई सरकार बनी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया था।अब इस यात्रा से दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, पर्यटन और सीमा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि नेपाली कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि मजबूत रिश्तों के साथ नेपाल की संप्रभुता और राष्ट्रीय हितों से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।

