Dhirendra Shastri Apologizes : बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शनिवार को धर्मनगरी वृंदावन पहुंचे। यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में शीश नवाया और साधु-संतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। हालांकि, इस यात्रा के दौरान उनका एक अलग ही अंदाज देखने को मिला, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
बृजवासियों के सामने नाक रगड़कर किया दंडवत प्रणाम
वृंदावन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने साधु-संतों और बृजवासियों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उनके श्रीचरणों में नाक रगड़कर दंडवत प्रणाम किया। उन्होंने अपने पहले दिए गए कुछ बयानों को लेकर माफी भी मांगी। उनके इस अंदाज की चर्चा कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच होती रही। उन्होंने कहा कि ब्रजभूमि उनके लिए विशेष महत्व रखती है और यहां बार-बार आने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

जल्द ही बृजवासी बनने वाले हैं धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री
अपने संबोधन में बागेश्वर बाबा ने कहा कि उन्हें गर्व है कि वह बार-बार वृंदावन आते रहते हैं। कभी यात्रा के माध्यम से तो कभी संतों के आशीर्वाद से उन्हें ब्रजभूमि आने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि आज वह बड़े प्रेम से अपने टेढ़े-मेढ़े ठाकुर जी के धाम में पहुंचे हैं और सभी बृजवासियों के चरणों में दंडवत प्रणाम करते हैं।उन्होंने यह भी कहा कि कुछ संत उनसे पूछ रहे हैं कि उनसे मुलाकात कब होगी। इस पर उन्होंने जल्द मुलाकात करने का भरोसा दिया। साथ ही संकेत दिया कि आने वाले समय में वह भी बृजवासी बनने वाले हैं और वृंदावन में उनका अपना निवास होगा।

पुराने बयानों पर बोले- भाषा में गलती हो सकती है, भाव में नहीं
अपने पुराने बयानों को लेकर हुए विवाद पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सफाई देते हुए कहा कि कथा के दौरान बोलते समय भाषा में त्रुटि हो सकती है, लेकिन उनके भाव में कोई गलती नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को उन्हें ट्रोल करने का बहाना चाहिए। ऐसे लोगों के लिए उन्होंने ठाकुर बांके बिहारी जी से सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि और भव्य मंदिर निर्माण का उठाया मुद्दा
कार्यक्रम के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने अपने विरोधियों को मथुरा आने का न्योता देते हुए कहा कि सभी को मथुरा आकर औरंगजेब के समय से चले आ रहे कलंक को मिटाने में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का संकल्प भी दोहराया।इस दौरान उन्होंने बिना किसी का नाम लिए राजनीतिक टिप्पणी भी की। उनके बयान को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर इशारे के तौर पर देखा गया। हालांकि, उन्होंने सीधे तौर पर किसी का नाम नहीं लिया।

हिंदू एकता पर दिया बड़ा बयान, बोले- जीवनभर करेंगे काम
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने संबोधन में हिंदू एकता और हिंदुत्व का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि जब तक उनके शरीर में प्राण रहेंगे, वह हिंदू, हिंदुत्व और हिंदुस्तान के लिए काम करते रहेंगे। इसके लिए गोली भी खानी पड़े तो वह पीछे नहीं हटेंगे।उन्होंने कहा कि यदि हिंदू समाज एकजुट नहीं होगा तो सनातन धर्म और मंदिरों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। उनके इस बयान के साथ वृंदावन में दिया गया उनका संबोधन चर्चा का विषय बन गया।

