Ayodhya Janakpur Train : भारत और नेपाल के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में अयोध्या कैंट से नेपाल के जनकपुर धाम तक प्रस्तावित रेल सेवा को मंजूरी मिल गई है। इस नई ट्रेन के शुरू होने से दोनों देशों के श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है। यह ट्रेन गोरखपुर के रास्ते संचालित होगी। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह 22 नवंबर 2026 को भारत पहुंचेंगे और 23 नवंबर को इस ट्रेन सेवा का उद्घाटन किया जाना प्रस्तावित है। हालांकि, यात्रा शुरू करने से पहले यात्रियों को रेलवे की ओर से जारी विशेष नियमों की जानकारी रखना जरूरी होगा।
ट्रेन में केवल भारत और नेपाल के नागरिक कर सकेंगे यात्रा
रेलवे ने इस अंतरराष्ट्रीय ट्रेन सेवा के लिए यात्रियों की पात्रता को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत केवल भारतीय और नेपाली नागरिक ही निर्धारित वैध पहचान पत्र के आधार पर यात्रा कर सकेंगे। यात्रियों को सफर के दौरान अपनी नागरिकता और पहचान से जुड़े दस्तावेज साथ रखने होंगे। रेलवे की ओर से आरक्षण चार्ट में भी यात्रियों की राष्ट्रीयता और पहचान पत्र का विवरण दर्ज किया जाएगा।

रेलवे पास और विधायक कूपन से नहीं मिलेगी यात्रा की सुविधा
इस ट्रेन में यात्रा करने वालों को रेलवे पास और पीटीओ की सुविधा नहीं मिलेगी। इसके अलावा विधायक कूपन और वारंट के आधार पर भी टिकट मान्य नहीं होंगे। खास बात यह है कि ऐसे कूपन और वारंट भी स्वीकार नहीं किए जाएंगे, जिनकी पूरी राशि रेलवे को प्रतिपूर्ति के रूप में मिलती है। यानी यात्रियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सामान्य टिकट बुक कराना होगा।

सामान ले जाने की श्रेणीवार तय की गई सीमा
रेलवे ने यात्रियों के सामान को लेकर भी अलग-अलग श्रेणियों में वजन निर्धारित किया है। प्रत्येक यात्री अधिकतम दो नग सामान ही अपने साथ ले जा सकेगा। प्रथम वातानुकूलित श्रेणी में 70 किलोग्राम सामान मुफ्त ले जाने की अनुमति होगी, जबकि 15 किलोग्राम अतिरिक्त सामान की सीमांत छूट मिलेगी।
द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी में 50 किलोग्राम मुफ्त और 10 किलोग्राम अतिरिक्त सामान ले जाने की अनुमति होगी। वहीं, तृतीय वातानुकूलित और शयनयान श्रेणी के यात्रियों के लिए 40 किलोग्राम मुफ्त तथा 10 किलोग्राम अतिरिक्त सामान की छूट निर्धारित की गई है।

60 दिन पहले करा सकेंगे टिकटों की बुकिंग
नई ट्रेन में अधिकतम 60 दिन पहले आरक्षण कराया जा सकेगा। यात्रा की तारीख को अग्रिम आरक्षण अवधि में शामिल नहीं किया जाएगा। यात्रियों के लिए सामूहिक बुकिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी, लेकिन सर्कुलर जर्नी, क्लस्टर बुकिंग और बीपीटी जैसी सुविधाएं नहीं मिलेंगी।
टिकट में बदलाव और डुप्लीकेट टिकट की सुविधा नहीं
रेलवे के नियमों के मुताबिक, इस ट्रेन में टिकट बुक कराने के बाद यात्री नाम में बदलाव, बोर्डिंग स्टेशन बदलने, वेब कैंसिलेशन और टिकट संशोधन जैसी सुविधाओं का लाभ नहीं उठा सकेंगे। टिकट खो जाने की स्थिति में डुप्लीकेट टिकट जारी कराने की व्यवस्था भी नहीं होगी। इसके अलावा तत्काल, प्रीमियम तत्काल और वरिष्ठ नागरिक कोटे के तहत आरक्षण उपलब्ध नहीं रहेगा।
केवल कन्फर्म टिकट पर कर सकेंगे यात्रा
यह ट्रेन पूरी तरह आरक्षित श्रेणी में संचालित होगी। इसमें केवल कन्फर्म टिकट बुक किए जाएंगे और आरएसी टिकट जारी नहीं होंगे। टिकटों की बुकिंग रेलवे काउंटर और आईआरसीटीसी की वेबसाइट के माध्यम से की जा सकेगी। भारत से नेपाल और नेपाल से भारत जाने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग आरक्षण चार्ट तैयार होंगे। इन चार्ट में पहचान पत्र और राष्ट्रीयता का विवरण दर्ज रहेगा, ताकि यात्रा के दौरान संबंधित अधिकारी दस्तावेजों की जांच कर सकें।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
अयोध्या और जनकपुर दोनों ही हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक महत्व रखते हैं। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मभूमि जनकपुर के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी से श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इस सेवा से दोनों देशों के बीच धार्मिक पर्यटन, आवागमन और सांस्कृतिक सहयोग को नई गति मिल सकती है।

