Yogi Adityanath Maa Ke Naam Paati: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां के प्रेम, त्याग और सम्मान को लेकर प्रदेशवासियों के नाम एक भावुक संदेश साझा किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘मां के नाम पाती’ लिखकर लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास मौजूद निराश्रित और जरूरतमंद माताओं की मदद के लिए आगे आएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां के प्रति सच्चा सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि सेवा और संवेदनशीलता से प्रकट होता है। हर व्यक्ति को ऐसी मां का सहारा बनना चाहिए, जिसे जीवन में किसी अपने के सहयोग की जरूरत है।
निराश्रित मां का सहारा बनना ही सच्चा सम्मान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पाती में लिखा कि प्रत्येक मां के प्रति वास्तविक सम्मान तभी व्यक्त किया जा सकता है, जब समाज के लोग किसी बेसहारा मां का संबल बनें। उन्होंने कहा कि किसी वंचित मां की तकलीफ को समझना और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करना ही सच्ची संवेदना है। योगी ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे जरूरतमंद महिलाओं और माताओं के प्रति अपने सामाजिक दायित्व को समझें। उनके मुताबिक, मातृत्व का सम्मान केवल अपने परिवार तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज की हर मां के लिए सम्मान और सहयोग का भाव होना चाहिए।

मां का ऋण कभी नहीं चुकाया जा सकता: योगी
अपनी पाती में मुख्यमंत्री ने मां के प्रति संतान के कर्तव्य और जीवन में उनके महत्व का भी उल्लेख किया। उन्होंने लिखा कि दुनिया में कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जिन्हें पूरी जिंदगी में भी चुकाया नहीं जा सकता। मां का ऋण भी ऐसा ही है। हालांकि, संतान अपने कर्तव्यों का पालन करके मां के प्रति सम्मान और आभार जरूर प्रकट कर सकती है। योगी ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में आने के बाद वह प्रदेश की मातृशक्ति के प्रति अपने कर्तव्य निभाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने मां को जीवन का आधार बताते हुए उनके योगदान को सर्वोपरि बताया।

मां केवल जन्म देने वाली नहीं, जीवन के संस्कारों की आधारशिला
मुख्यमंत्री ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए लिखा कि मां सिर्फ बच्चे को जन्म देने वाली नहीं होतीं, बल्कि उनका स्थान जगत-जननी के समान है। मां के बिना जीवन की कल्पना करना भी संभव नहीं है। बच्चे के व्यक्तित्व, व्यवहार और संस्कारों के निर्माण में मां की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि मां हर किसी की जगह ले सकती है, लेकिन दुनिया में कोई भी व्यक्ति मां की जगह नहीं ले सकता। मां की ममता को उन्होंने संसार का सबसे सुंदर भाव बताया। उनके अनुसार, मां का प्रेम और त्याग जीवनभर संतान का मार्गदर्शन करता है।

संन्यास के बाद घर पहुंचने का पुराना अनुभव किया साझा
योगी आदित्यनाथ ने अपनी पाती में संन्यास जीवन से जुड़ी एक पुरानी घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि संन्यास लेने के तीन साल से अधिक समय बाद एक बार वह भगवा वस्त्र पहनकर अपने घर की दहलीज पर पहुंचे थे। उस समय उन्होंने अपनी मां से भिक्षा मांगी थी। उन्हें इस रूप में देखकर मां हैरान रह गई थीं। मां ने उनसे पूछा था कि उन्होंने अपना ऐसा हाल क्यों बना रखा है और घर में किस चीज की कमी थी, जो उन्हें भिक्षा मांगनी पड़ रही है।
मां ने बेटे के संन्यास धर्म और संकल्प का किया सम्मान
मुख्यमंत्री के मुताबिक, मां के सवाल पर उन्होंने जवाब दिया कि संन्यास उनका धर्म है और एक योगी की भूख भिक्षा से ही मिटती है। उन्होंने मां को समझाया कि वह घर में रहने के लिए नहीं, बल्कि भिक्षा मांगने आए हैं। मां जो कुछ भिक्षा में देंगी, वही उनके मनोरथ को पूरा करेगा। योगी ने बताया कि उस समय मां की ममता के साथ-साथ उनके संन्यासी बेटे के संकल्प के प्रति सम्मान भी देखने को मिला। यह अनुभव उनके जीवन की भावुक स्मृतियों में शामिल है।
जरूरतमंद माताओं की मदद के लिए प्रदेशवासियों से अपील
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश के अंत में एक बार फिर लोगों से निराश्रित और वंचित माताओं की सहायता करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को ऐसी माताओं की पीड़ा समझनी चाहिए, जिन्हें सहारे और अपनत्व की जरूरत है। उनके अनुसार, किसी जरूरतमंद मां की जिंदगी में खुशियां लाना और उसके चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करना ही मातृत्व के प्रति सच्ची श्रद्धा है। मुख्यमंत्री की यह पाती मां के सम्मान के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा का संदेश भी देती है।

