Supreme Court Rebukes Judge : बिहार के सासाराम में एक पुलिस अधिकारी को अदालत की अवमानना का दोषी ठहराकर महज एक रुपये का जुर्माना लगाने वाले न्यायाधीश को सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी फटकार लगाई है। मामला रोहतास के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार से जुड़ा है। सासाराम के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार ने कोर्ट के निर्देशों का पालन नहीं करने पर एसपी को अवमानना का दोषी करार दिया था। इसके बाद उन्होंने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 384 के तहत एक रुपये का प्रतीकात्मक जुर्माना लगाया और इसे अधिकारी के सर्विस रिकॉर्ड में दर्ज करने का निर्देश दिया था। अब चीफ जस्टिस सूर्य कांत की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने न्यायाधीश के इस आदेश और कानूनी प्रक्रिया की समझ पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
‘कानून की समझ हैरान करने वाली, बाहुबली बनने की जरूरत नहीं’
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति जोयमाल्या बागची ने सासाराम के न्यायाधीश के काम करने के तरीके पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कानून को लेकर न्यायाधीश की समझ हैरान करने वाली है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किस आधार पर एसपी को इतनी आक्रामक तरीके से अदालत में बुलाया गया और उसी दिन उन्हें अवमानना का दोषी भी ठहरा दिया गया।

जस्टिस बागची ने न्यायाधीश को सलाह दी कि उन्हें नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी में प्रशिक्षण लेना चाहिए, ताकि न्यायिक शक्तियों और उनके इस्तेमाल से जुड़े नियमों को बेहतर तरीके से समझ सकें। उन्होंने यह भी कहा कि न्यायिक पद पर रहते हुए किसी को बाहुबली बनने की जरूरत नहीं है। न्यायिक अधिकारों का इस्तेमाल कानून और निर्धारित प्रक्रिया के दायरे में रहकर किया जाना चाहिए।

अपहरण के मामले से शुरू हुआ था पूरा विवाद
दरअसल, यह पूरा मामला सासाराम की अदालत में चल रहे एक अपहरण के मुकदमे से जुड़ा हुआ है। डिस्ट्रिक्ट एंड एडिशनल सेशंस जज-IV अनिल कुमार ने इस मामले में आरोपियों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई थी। फैसला सुनाने के बाद उन्होंने पुलिस प्रशासन को कुछ अतिरिक्त निर्देश भी दिए थे।इन निर्देशों में पीड़ित के खिलाफ कथित झूठी गवाही को लेकर एफआईआर दर्ज करने और उसके कथित गांजा कारोबार की जांच करने की बात शामिल थी। न्यायाधीश का मानना था कि पुलिस को इन निर्देशों का पालन करना चाहिए। हालांकि, पुलिस की ओर से निर्धारित कार्रवाई नहीं किए जाने के बाद उन्होंने तत्कालीन रोहतास एसपी रौशन कुमार को अदालत में पेश होने का आदेश दिया।
एसपी को दोषी ठहराकर लगाया था एक रुपये का जुर्माना
न्यायाधीश अनिल कुमार ने 29 सितंबर 2026 को एसपी रौशन कुमार को अदालत के आदेश का पालन नहीं करने के मामले में अवमानना का दोषी ठहरा दिया। इसके बाद उन्होंने बीएनएसएस की धारा 384 के तहत अधिकारी पर एक रुपये का सांकेतिक जुर्माना लगाया।मामले में केवल जुर्माना लगाने तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रही। न्यायाधीश ने यह भी निर्देश दिया कि इस कार्रवाई को पुलिस अधिकारी के सर्विस रिकॉर्ड में दर्ज किया जाए। इसी आदेश और न्यायिक प्रक्रिया को लेकर मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया, जहां न्यायाधीश के अधिकार क्षेत्र पर सवाल उठाए गए।

‘ऐसा मामला हाई कोर्ट के सामने रखना चाहिए था’
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि न्याय करने की मंशा अच्छी हो सकती है, लेकिन न्यायिक प्रक्रिया का पालन करना भी उतना ही जरूरी है। जस्टिस बागची ने कहा कि जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने का निर्देश देना और उनकी अनुपस्थिति को अपराध मानकर तत्काल दोषी ठहरा देना न्यायाधीश के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता।सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि यदि न्यायाधीश को लगता था कि संबंधित अधिकारियों ने आपराधिक अवमानना की है, तो उन्हें सीधे कार्रवाई करने के बजाय इस मामले को उचित प्रक्रिया के तहत हाई कोर्ट के सामने रखना चाहिए था।
BNSS की धारा 384 को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने समझाया कानून
सुप्रीम कोर्ट ने बीएनएसएस की धारा 384 के दायरे को समझाते हुए कहा कि अदालत के सामने किया गया अपराध और अदालत के आदेश का पालन नहीं करना, दोनों अलग-अलग परिस्थितियां हैं।उदाहरण देते हुए कोर्ट ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति न्यायाधीश के सामने किसी को थप्पड़ मारता है, अदालत को गाली देता है या न्यायाधीश के आदेश के बावजूद कोर्ट रूम से बाहर जाने से इनकार करता है, तो यह अदालत के सामने किया गया अपराध हो सकता है।लेकिन यदि अदालत किसी पुलिस अधिकारी को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश देती है और अधिकारी उसका पालन नहीं करता, तो इसे सीधे अदालत के सामने किया गया अपराध नहीं माना जा सकता। सुप्रीम कोर्ट की इस टिप्पणी ने न्यायिक शक्तियों के इस्तेमाल और कानूनी प्रक्रिया के पालन को लेकर महत्वपूर्ण सवाल खड़े कर दिए हैं।
Read More : Stock Market Crash : शेयर बाजार में महागिरावट, सेंसेक्स 1484 अंक टूटा, निवेशकों के ₹6 लाख करोड़ डूबे

