Constitution Day 2026 : देशभर में 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों के बीच संविधान के प्रति बढ़ती जागरूकता और जुड़ाव की सराहना की। अपने विशेष लेख में प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में संविधान की भावना देश के कोने-कोने तक पहुंची है। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, प्रशासनिक सुधारों और विकास परियोजनाओं ने गरीबों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
संविधान निर्माताओं को प्रधानमंत्री ने किया नमन
प्रधानमंत्री मोदी ने 26 नवंबर 1949 के ऐतिहासिक दिन को याद किया, जब संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। उन्होंने डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों के योगदान को नमन किया। प्रधानमंत्री के मुताबिक, संविधान निर्माताओं ने आधुनिक भारत की व्यवस्था तैयार करते समय देश की प्राचीन परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और सभ्यतागत ज्ञान से भी प्रेरणा ली थी। उन्होंने बताया कि संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से उनकी सरकार ने 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी।

संविधान ने सामान्य परिवार के बच्चे को देश की सेवा का अवसर दिया
अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने संविधान को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि साधारण परिवार में जन्म लेने और बचपन में कठिन परिस्थितियों का सामना करने के बावजूद उन्हें दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की सेवा करने का अवसर मिला। यह भारतीय संविधान की असाधारण शक्ति का प्रमाण है। मोदी ने कहा कि संविधान ऐसी व्यवस्था देता है, जिसमें किसी व्यक्ति का जन्म और पारिवारिक परिस्थितियां उसके भविष्य की संभावनाओं को सीमित नहीं कर सकतीं।

आपातकाल और 42वें संविधान संशोधन का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने अपने लेख में आपातकाल के दौर को भी याद किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में आपातकाल के दौरान लागू किए गए 42वें संविधान संशोधन के 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उनके अनुसार, इस संशोधन ने न्यायिक समीक्षा की शक्तियों को सीमित करने और संस्थागत संतुलन को प्रभावित करने का प्रयास किया था। मोदी ने इसे संवैधानिक मूल्यों के लिए चुनौतीपूर्ण दौर के रूप में प्रस्तुत किया।
अनुच्छेद 356 के इस्तेमाल को लेकर विपक्ष पर निशाना
प्रधानमंत्री ने राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए संविधान के अनुच्छेद 356 के कथित दुरुपयोग का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बिना किसी दल का नाम लिए कहा कि एक राजनीतिक पार्टी के नाम करीब 100 बार इस प्रावधान के इस्तेमाल का रिकॉर्ड है। उन्होंने एक पूर्व प्रधानमंत्री का जिक्र करते हुए दावा किया कि उनके कार्यकाल में अकेले लगभग 50 बार अनुच्छेद 356 लागू किया गया था।

नक्सलवाद और दिमागी नक्सलियों पर पीएम मोदी का बयान
नक्सलवाद की समस्या पर प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के प्रयासों से इस वर्ष देश में नक्सलवाद का खात्मा हुआ है। उनके मुताबिक, इससे आदिवासी और गरीब क्षेत्रों के लोगों को भयमुक्त होकर अपने संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल करने का अवसर मिलेगा। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि तथाकथित दिमागी नक्सली अब भी देश की विकास यात्रा में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं।
महिला सशक्तिकरण और आरक्षण कानून पर उठाए सवाल
प्रधानमंत्री ने संविधान निर्माण में महिलाओं के योगदान को भी याद किया। उन्होंने विधायिकाओं में महिलाओं के प्रतिनिधित्व को बढ़ाने के लिए लाए गए कानून का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर इसे पारित नहीं होने देने का आरोप लगाया। मोदी ने कहा कि महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देना संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में जरूरी कदम है। उन्होंने देश की महिलाओं को भरोसा दिलाया कि सरकार उन्हें न्याय और अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
संविधान की भावना को संसद और अदालतों से आगे ले जाने की अपील
प्रधानमंत्री ने कहा कि संविधान केवल संसद, अदालतों या सरकारी संस्थानों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसकी भावना आम नागरिकों के जीवन में दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने पारदर्शी शासन, डिजिटल सेवाओं, बुनियादी ढांचे और सामाजिक-आर्थिक सुधारों को संविधान के आदर्शों से जोड़ते हुए नागरिकों से लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया।

