Land Fraud Case : जमीन के नामांतरण के लिए फर्जी सरकारी आदेश का इस्तेमाल करने का मामला सरगुजा जिले के लुण्ड्रा क्षेत्र में सामने आया है। यहां राजस्व मंडल बिलासपुर के वर्ष 2019 के एक आदेश की कूटरचना कर करीब 2.98 हेक्टेयर भूमि अपने नाम कराने के लिए राजस्व न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया गया था। जांच में आदेश फर्जी पाए जाने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर फर्जी आदेश की सत्यापित प्रति भी जब्त की है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
तीन खसरा नंबर की जमीन अपने नाम कराने की थी कोशिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तहसील कार्यालय लुण्ड्रा में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम खाराकोना निवासी मुस्लिम पिता स्वर्गीय मोहिउद्दीन और उसके साथी ने अनुविभागीय दंडाधिकारी धौरपुर के न्यायालय में जमीन अपने नाम कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था।

आवेदन के साथ राजस्व मंडल बिलासपुर के प्रकरण क्रमांक M/16/R/07/2019 के आदेश दिनांक 1 जून 2019 को असली बताकर प्रस्तुत किया गया था। इस आदेश के आधार पर ग्राम खाराकोना स्थित खसरा नंबर 814/1, 814/3 और 814/4 की कुल 2.986 हेक्टेयर भूमि अपने नाम कराने का प्रयास किया गया था। 11 दिसंबर 2023 को प्रस्तुत आवेदन की जांच कराई गई तो संबंधित आदेश पूरी तरह कूटरचित और फर्जी पाया गया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया अपराध
मामले में थाना लुण्ड्रा पुलिस ने अपराध क्रमांक 283/2026 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 और 34 भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान प्रार्थी, गवाहों के बयान और जब्त दस्तावेजों के आधार पर आरोपी मो. मुस्लिम फिरदौसी (55 वर्ष), पिता स्वर्गीय मोहिउद्दीन, निवासी ग्राम खाराकोना, थाना लुण्ड्रा की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर राजस्व मंडल बिलासपुर के फर्जी आदेश की सत्यापित प्रति जब्त की गई। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।

दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में एक अन्य आरोपी भी शामिल है, जो फिलहाल फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लुण्ड्रा निरीक्षक अच्युतचंद तिवारी, सहायक उप निरीक्षक विशाल मिश्रा, आरक्षक राजकुमार यादव, इबनुल खान, शिवप्रसाद खलखो और वीरेंद्र खलखो की सक्रिय भूमिका रही।

