Rabi Crop Sowing : देश में रबी फसलों की बुआई की रफ्तार इस साल पिछले सीजन के मुकाबले धीमी बनी हुई है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से 20 नवंबर 2026 तक जारी आंकड़ों के अनुसार, देशभर में अब तक 260.97 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में रबी फसलों की बुआई हुई है। पिछले साल इसी अवधि में 290.80 लाख हेक्टेयर जमीन पर बुआई पूरी हो चुकी थी। इस तरह इस साल करीब 29.83 लाख हेक्टेयर कम क्षेत्र में फसलें बोई गई हैं। यह पिछले साल की तुलना में लगभग 10 फीसदी की गिरावट है।
रबी सीजन के कुल लक्ष्य का अभी 38 फीसदी ही पूरा
कृषि विभाग ने चालू रबी सीजन में कुल 690.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बुआई होने का अनुमान लगाया है। इसके मुकाबले 20 नवंबर तक लगभग 260.97 लाख हेक्टेयर में ही खेती हो पाई है। यानी निर्धारित लक्ष्य का करीब 38 फीसदी हिस्सा ही पूरा हुआ है। हालांकि, रबी फसलों की बुआई अभी जारी है और आने वाले दिनों में इसमें तेजी आने की संभावना बनी हुई है।

गेहूं की बुआई में सबसे ज्यादा गिरावट
रबी सीजन की प्रमुख फसल गेहूं की बुआई के आंकड़े सबसे ज्यादा चिंता बढ़ा रहे हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 98.65 लाख हेक्टेयर में गेहूं बोया गया है, जबकि पिछले साल इसी समय तक 119.18 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बुआई हो चुकी थी। इस तरह गेहूं की बुआई में 20.53 लाख हेक्टेयर की कमी दर्ज की गई है। यह लगभग 17 फीसदी की गिरावट है। सरकार ने इस सीजन में गेहूं की बुआई का लक्ष्य 336 लाख हेक्टेयर रखा है।

दलहन की खेती में भी आई गिरावट, चने की बुआई प्रभावित
दालों की खेती के मामले में भी इस साल बुआई की रफ्तार कमजोर दिखाई दे रही है। अब तक कुल 63.14 लाख हेक्टेयर में दलहन फसलें बोई गई हैं। पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 67.41 लाख हेक्टेयर था। यानी दलहन की बुआई में करीब 6 फीसदी की कमी आई है।दलहन की प्रमुख फसल चने की बुआई में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। इस साल अब तक 41.35 लाख हेक्टेयर में चना बोया गया है, जबकि पिछले साल यह क्षेत्र 48.45 लाख हेक्टेयर था। इस तरह चने की बुआई करीब 15 फीसदी घट गई है।
मसूर, उड़द और मूंग की बुआई में दिखी तेजी
दलहन की सभी फसलों में गिरावट नहीं आई है। कुछ फसलों की बुआई पिछले साल के मुकाबले बेहतर रही है। मसूर की बुआई 11.10 लाख हेक्टेयर में हुई है, जो करीब 24 फीसदी अधिक है। उड़द का क्षेत्र लगभग 13 फीसदी बढ़कर 0.98 लाख हेक्टेयर हो गया है। वहीं मूंग की बुआई 0.11 लाख हेक्टेयर में हुई है, जो पिछले साल से करीब 47 फीसदी ज्यादा है।

तिलहन की बुआई लगभग स्थिर, सरसों का प्रदर्शन सामान्य
तिलहन फसलों की बुआई इस बार लगभग पिछले साल के बराबर बनी हुई है। 20 नवंबर तक 73.94 लाख हेक्टेयर में तिलहन बोया गया है, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 73.99 लाख हेक्टेयर था। रबी की प्रमुख तिलहन फसल सरसों की बुआई 71.05 लाख हेक्टेयर में हुई है। इसमें पिछले साल की तुलना में केवल 0.26 फीसदी की गिरावट है।इसके अलावा अलसी की बुआई में करीब 27 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है और इसका क्षेत्र 1.18 लाख हेक्टेयर पहुंच गया है। दूसरी तरफ कुसुम की बुआई लगभग 29 फीसदी घटकर 0.34 लाख हेक्टेयर रह गई है।
ज्वार और जौ की बुआई में बड़ी कमी, धान भी पिछड़ा
मोटे अनाज की बुआई भी इस साल कमजोर रही है। ज्वार, मक्का और जौ सहित मोटे अनाज का कुल क्षेत्र 16.95 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया है, जो पिछले साल से करीब 20 फीसदी कम है। ज्वार की बुआई 26 फीसदी घटकर 9.29 लाख हेक्टेयर और जौ की बुआई 42 फीसदी गिरकर 1.65 लाख हेक्टेयर रह गई है। मक्का का क्षेत्र 5 लाख हेक्टेयर है, जो करीब 2 फीसदी कम है।वहीं रबी सीजन के धान की बुआई 8.29 लाख हेक्टेयर में हुई है। पिछले साल इसी समय यह आंकड़ा 9.12 लाख हेक्टेयर था। इस तरह धान की बुआई में भी करीब 9 फीसदी की कमी दर्ज की गई है।
आने वाले हफ्तों में बदल सकते हैं बुआई के आंकड़े
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के ये आंकड़े 20 नवंबर 2026 तक की स्थिति पर आधारित हैं। चूंकि रबी फसलों की बुआई अभी जारी है, इसलिए आने वाले हफ्तों में कुल बुआई के क्षेत्र में बदलाव हो सकता है। खासतौर पर गेहूं, चना और मोटे अनाज की बुआई पर किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों की नजर बनी हुई है।

