Delimitation Bill 2026 : संसद के विशेष सत्र से पहले महिला आरक्षण और परिसीमन बिल को लेकर देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में इन मुद्दों पर चर्चा और संभावित विधायी कदमों को लेकर सियासी बयानबाजी बढ़ गई है। कांग्रेस ने परिसीमन बिल के खिलाफ मोर्चा खोलने का फैसला किया है। वहीं, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने भी साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी राज्य के हितों से कोई समझौता नहीं करेगी।
राहुल गांधी ने कांग्रेस सांसदों को दिया विरोध का संदेश
कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने परिसीमन बिल को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट किया। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष इस विधेयक का कड़ा विरोध करेगा। उन्होंने कांग्रेस सांसदों से कहा कि उन्हें संसद और जनता के बीच यह मुद्दा मजबूती से उठाना होगा।राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अपने राजनीतिक फायदे के लिए परिसीमन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना चाहती है। उन्होंने सांसदों से कहा कि जनता को यह समझाना जरूरी है कि इस प्रक्रिया के पीछे सरकार की मंशा क्या है। बैठक में उन्होंने डीएमके के साथ आने की जरूरत पर भी जोर दिया। राहुल गांधी चाहते हैं कि परिसीमन के मुद्दे पर विपक्षी दल एकजुट होकर सरकार का मुकाबला करें।

परिसीमन पर डीएमके ने भी साफ किया अपना रुख
दूसरी तरफ, डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने परिसीमन बिल को लेकर पार्टी की स्थिति स्पष्ट कर दी है। संसद में विधेयक को समर्थन देने की अटकलों के बीच उन्होंने कहा कि डीएमके तमिलनाडु के हितों के साथ किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगी।स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि परिसीमन के संभावित खतरों के खिलाफ आवाज उठाने वाली डीएमके पहली पार्टी थी। उन्होंने कहा कि चेन्नई में ही पहली बार देश के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एक मंच पर आए थे और निष्पक्ष परिसीमन की मांग उठाई थी।

एमके स्टालिन ने रखीं परिसीमन पर दो बड़ी शर्तें
डीएमके प्रमुख ने तमिलनाडु विधानसभा में पारित प्रस्ताव और निष्पक्ष परिसीमन के लिए संयुक्त कार्य समिति की बैठक में लिए गए फैसलों का हवाला देते हुए दो प्रमुख मांगें रखीं।
पहली शर्त: स्टालिन के मुताबिक, यदि परिसीमन के तहत लोकसभा की सीटों की कुल संख्या बढ़ाई जाती है, तो तमिलनाडु की मौजूदा हिस्सेदारी किसी भी परिस्थिति में कम नहीं होनी चाहिए। वर्तमान में लोकसभा की कुल सीटों में तमिलनाडु की हिस्सेदारी 7.18 प्रतिशत है। डीएमके चाहती है कि सीटें बढ़ने के बावजूद राज्य का यह अनुपात बरकरार रखा जाए।

दूसरी शर्त: स्टालिन ने कहा कि वर्ष 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व का जो अनुपात निर्धारित किया गया था, उसे अगले 25 वर्षों तक फ्रीज रखा जाना चाहिए। उनका कहना है कि इस व्यवस्था को आगे भी जारी रखना जरूरी है, ताकि राज्यों के प्रतिनिधित्व में असमानता पैदा न हो।
कांग्रेस पर स्टालिन का इशारों में हमला
एमके स्टालिन ने स्पष्ट किया कि डीएमके अपनी दोनों मांगों पर पूरी तरह अडिग है। उन्होंने कहा कि पार्टी के रुख में कोई बदलाव नहीं हुआ है और किसी भी तरह के समझौते की संभावना नहीं है।इस दौरान स्टालिन ने अपनी पूर्व सहयोगी कांग्रेस पार्टी पर भी बिना नाम लिए निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मीडिया में चल रही अटकलें और पीठ पीछे की जाने वाली बातें डीएमके के फैसले को प्रभावित नहीं कर सकतीं। उन्होंने उन लोगों पर भी निशाना साधा, जो सत्ता के पदों के लिए अपने सिद्धांतों को छोड़ देते हैं।
विशेष सत्र से पहले विपक्षी एकता की परीक्षा
महिला आरक्षण और परिसीमन का मुद्दा अब विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक एकजुटता की परीक्षा बनता दिखाई दे रहा है। कांग्रेस जहां बीजेपी पर राजनीतिक लाभ के लिए परिसीमन कराने का आरोप लगा रही है, वहीं डीएमके ने तमिलनाडु के संसदीय प्रतिनिधित्व को सुरक्षित रखने की शर्तें रखी हैं।ऐसे में 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में विपक्ष की रणनीति और डीएमके की भूमिका पर सबकी नजर रहेगी। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कांग्रेस और डीएमके परिसीमन के मुद्दे पर एक साझा रणनीति बना पाएंगे?

