Indian Citizens : विदेशों में बेहतर रोजगार, शिक्षा, जीवनशैली और आर्थिक अवसरों की तलाश में भारतीयों का पलायन लगातार बढ़ रहा है। दुनिया के अलग-अलग देशों में भारतीय मूल के करोड़ों लोग रहते हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे लोगों की भी है, जिन्होंने दूसरे देशों की नागरिकता अपना ली है। अब इस संबंध में एक नई अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट सामने आई है, जिसके आंकड़े चौंकाने वाले हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2020 से 2024 के बीच करीब 9.25 लाख भारतीयों ने आर्थिक सहयोग और विकास संगठन (OECD) के सदस्य देशों की नागरिकता हासिल की है।
OECD की रिपोर्ट में सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े
आर्थिक सहयोग और विकास संगठन (Organisation for Economic Co-operation and Development-OECD) की ओर से जारी International Migration Outlook 2026 रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। इस रिपोर्ट के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में OECD देशों की नागरिकता हासिल करने वाले भारतीयों की संख्या में वर्ष 2015 से 2019 की तुलना में लगभग 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।रिपोर्ट में बताया गया है कि विदेशी नागरिकता हासिल करने के मामले में भारत लगातार सबसे आगे बना हुआ है। पूर्व राष्ट्रीयता के आधार पर भारतीय नागरिकों की संख्या अन्य देशों के मुकाबले सबसे अधिक रही। इस सूची में भारत ने मेक्सिको और सीरिया जैसे देशों को पीछे छोड़ दिया है।

विदेशी नागरिकता लेने में भारतीय सबसे आगे
रिपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2015 से 2019 के बीच 6,54,821 भारतीयों ने OECD सदस्य देशों की नागरिकता हासिल की थी। वहीं, 2020 से 2024 के बीच यह आंकड़ा बढ़कर करीब 9,25,000 तक पहुंच गया। यानी पांच साल के भीतर विदेशी नागरिकता लेने वाले भारतीयों की संख्या में बड़ी वृद्धि हुई है।इस सूची में मेक्सिको दूसरे और सीरिया तीसरे स्थान पर रहे। आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में मेक्सिको के 5,90,248 और सीरिया के 5,88,219 नागरिकों ने OECD देशों की नागरिकता प्राप्त की। वहीं, सीरिया के नागरिकों की विदेशी नागरिकता हासिल करने की संख्या में लगभग पांच गुना बढ़ोतरी हुई है।इसके उलट चीन के नागरिकों की संख्या में गिरावट देखने को मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, OECD सदस्य देशों की नागरिकता हासिल करने वाले चीनी नागरिकों की संख्या में 11.9 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

भारतीयों को नागरिकता देने में कनाडा सबसे आगे
OECD में कुल 38 सदस्य देश शामिल हैं। इनमें अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, जापान और यूरोप के कई प्रमुख देश शामिल हैं। भारतीय नागरिकों को विदेशी नागरिकता देने के मामले में कनाडा सबसे आगे रहा है।रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2024 में OECD देशों की नागरिकता हासिल करने वाले भारतीयों की संख्या 2,30,337 रही। जबकि वर्ष 2023 में यह आंकड़ा 2,24,630 था। इससे साफ है कि भारतीयों के बीच विदेशों की नागरिकता हासिल करने का रुझान लगातार बना हुआ है।देशवार आंकड़ों पर नजर डालें तो कनाडा ने वर्ष 2024 में सबसे अधिक 87,320 भारतीयों को अपनी नागरिकता दी। इसके बाद अमेरिका दूसरे स्थान पर रहा, जहां 48,820 भारतीय नागरिकों को नागरिकता मिली। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने 28,969 भारतीयों को अपने देश का नागरिक बनाया।
पांच साल में 2.61 लाख भारतीय बने कनाडाई नागरिक
कनाडा भारतीयों के लिए विदेशी नागरिकता हासिल करने का सबसे पसंदीदा देश बनकर उभरा है। रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2020 से 2024 के बीच करीब 2.61 लाख भारतीयों ने कनाडा की नागरिकता प्राप्त की। यह आंकड़ा बताता है कि कनाडा भारतीय नागरिकों के बीच स्थायी रूप से बसने के लिए एक प्रमुख विकल्प बना हुआ है।कुल मिलाकर, OECD की रिपोर्ट भारतीयों के विदेशों में बसने और विदेशी नागरिकता अपनाने के बढ़ते रुझान को उजागर करती है। हालांकि, इन आंकड़ों का अर्थ यह नहीं है कि सभी भारतीयों ने एक ही कारण से नागरिकता बदली है। रोजगार, शिक्षा, पारिवारिक परिस्थितियां और बेहतर अवसर जैसे कई कारण इसके पीछे हो सकते हैं।


