IPL 2027 : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने एक बड़ा फैसला लेते हुए रोहित शर्मा को दोबारा टीम का कप्तान नियुक्त कर दिया है। इस फैसले के साथ ही हार्दिक पांड्या की कप्तानी का अध्याय समाप्त हो गया है। रोहित शर्मा एक बार फिर मुंबई की टीम की अगुवाई करते नजर आएंगे। पांच बार आईपीएल ट्रॉफी जिताने वाले रोहित पर फ्रेंचाइजी ने एक बार फिर भरोसा जताया है। मुंबई इंडियंस का लक्ष्य पिछले छह सीजन से चले आ रहे खिताबी सूखे को खत्म करना है।
2013 से 2023 तक रोहित ने संभाली थी मुंबई की कप्तानी
रोहित शर्मा साल 2013 में पहली बार मुंबई इंडियंस के कप्तान बने थे। उनके नेतृत्व में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया। रोहित की कप्तानी में मुंबई ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था।हालांकि, साल 2024 में मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या को ट्रेड के जरिए गुजरात टाइटंस से अपनी टीम में शामिल किया और उन्हें कप्तानी सौंप दी। इस फैसले के बाद रोहित शर्मा की कप्तानी खत्म हो गई थी। अब तीन साल बाद फ्रेंचाइजी ने एक बार फिर अपने सबसे सफल कप्तान को टीम की कमान सौंपने का फैसला किया है।

रोहित शर्मा ने वापसी पर जताई खुशी, 20वें सीजन के लिए तैयार
मुंबई इंडियंस की कप्तानी दोबारा मिलने पर रोहित शर्मा ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस उनके जीवन का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा रही है और इस टीम की कप्तानी करना हमेशा उनके लिए गर्व की बात रही है।रोहित ने बताया कि आने वाले सीजन को लेकर नीता अंबानी और आकाश अंबानी के साथ हुई बातचीत काफी उत्साहजनक रही। उन्हें भरोसा है कि टीम मिलकर कई उपलब्धियां हासिल कर सकती है। उन्होंने कहा कि वह आईपीएल के 20वें सीजन और आने वाली चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उनका लक्ष्य अपनी पलटन को जश्न मनाने के कई मौके देना है। टीम का पूरा ध्यान एकजुट होकर अपने अंदाज में क्रिकेट खेलने और खेल का आनंद लेने पर रहेगा।

ऐसा रहा है रोहित शर्मा का कप्तानी रिकॉर्ड
आईपीएल में रोहित शर्मा का कप्तानी रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। उन्होंने 2013 से 2023 के बीच मुंबई इंडियंस के लिए कुल 158 मुकाबलों में कप्तानी की। इनमें टीम ने 87 मैचों में जीत दर्ज की, जबकि 67 मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा। चार मुकाबले टाई रहे, जिनका फैसला सुपर ओवर के जरिए हुआ।रोहित की कप्तानी में मुंबई पांच बार आईपीएल चैंपियन बनी। दूसरी तरफ 2020 के बाद से टीम खिताब जीतने में सफल नहीं रही है। लगातार छह सीजन तक ट्रॉफी से दूर रहने के बाद फ्रेंचाइजी ने एक बार फिर रोहित के अनुभव और नेतृत्व क्षमता पर भरोसा जताया है।
आकाश अंबानी बोले- रोहित और मुंबई इंडियंस का रिश्ता खास
रोहित शर्मा को दोबारा कप्तान बनाए जाने पर आकाश अंबानी ने भी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस के ऐतिहासिक 20वें सीजन में रोहित का ब्लू एंड गोल्ड टीम की कमान संभालना बेहद खास है। रोहित और मुंबई इंडियंस की पलटन के बीच वर्षों पुराना रिश्ता है।आकाश के मुताबिक, आगामी सीजन को लेकर हुई बातचीत में सभी के बीच एक जैसा उत्साह और लक्ष्य देखने को मिला। उन्हें रोहित के अनुभव और नेतृत्व के साथ तैयार की जा रही मजबूत टीम से काफी उम्मीदें हैं। फ्रेंचाइजी ऐसा क्रिकेट खेलना चाहती है, जिस पर उसके प्रशंसक गर्व कर सकें।

नीता अंबानी ने रोहित के सफर को बताया गर्व की बात
नीता अंबानी ने भी रोहित शर्मा की कप्तानी में वापसी पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि साल 2011 में मुंबई इंडियंस ने रोहित के लिए बोली लगाई थी और तभी से वह परिवार का हिस्सा बन गए थे।नीता अंबानी ने कहा कि उन्हें आज भी वह युवा रोहित याद हैं, जो पहली बार टीम से जुड़े थे। इतने वर्षों में उन्हें एक बेहतरीन क्रिकेटर, चैंपियन और लीडर के रूप में विकसित होते देखना गर्व की बात है। अब आईपीएल 2027 में रोहित के सामने मुंबई को दोबारा चैंपियन बनाने की बड़ी चुनौती होगी।

