Meta Controversy : भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) ने सोशल मीडिया कंपनी मेटा के खिलाफ चलाए जा रहे अपने ‘डिजिटल आजादी’ अभियान को लेकर बड़ा दावा किया है। संगठन का कहना है कि उसके विरोध अभियान को अंतरराष्ट्रीय मीडिया में व्यापक कवरेज मिल रही है। युवा कांग्रेस की ओर से जारी मीडिया मॉनिटरिंग रिपोर्ट के मुताबिक, 20 से 26 नवंबर 2026 के बीच 46 अंतरराष्ट्रीय बाजारों के 106 मीडिया स्रोतों के लिंक एकत्र किए गए हैं।
41 बाजारों में दर्ज हुई मीडिया कवरेज
युवा कांग्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, कुल 46 बाजारों में से 41 बाजारों में अभियान से जुड़ी मीडिया कवरेज दर्ज की गई है। इसके अलावा पांच संभावित मीडिया लीड्स भी रिपोर्ट में शामिल हैं। इस कवरेज में उत्तरी अमेरिका, दक्षिण अमेरिका, यूरोप, मध्य पूर्व, एशिया और एशिया-प्रशांत क्षेत्र के मीडिया संस्थानों का उल्लेख किया गया है।रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने मेटा के खिलाफ युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन, इंस्टाग्राम अकाउंट्स पर प्रतिबंध, राजनीतिक सामग्री को कथित तौर पर हटाए जाने और कंपनी से पारदर्शिता की मांग जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। संगठन का मानना है कि इस अभियान ने डिजिटल स्वतंत्रता और बड़ी टेक कंपनियों की जवाबदेही से जुड़े सवालों को वैश्विक चर्चा का विषय बना दिया है।

आखिर मेटा के खिलाफ क्यों शुरू हुआ डिजिटल आजादी अभियान?
भारतीय युवा कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स और संगठन के नेताओं के अकाउंट्स पर कथित प्रतिबंधों को लेकर यह अभियान शुरू किया था। संगठन ने राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट्स को भारत में प्रतिबंधित किए जाने पर विशेष रूप से सवाल उठाए हैं।युवा कांग्रेस का आरोप है कि राजनीतिक असहमति जताने वाली आवाजों और केंद्र सरकार की आलोचना करने वाली पोस्ट के खिलाफ चुनिंदा तरीके से कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, ये आरोप संगठन की ओर से लगाए गए हैं। मेटा की तरफ से इन आरोपों पर स्थिति स्पष्ट होना अभी बाकी है।

मेटा को सात दिन का अल्टीमेटम, चार मुद्दों पर मांगा जवाब
युवा कांग्रेस ने मेटा को सात दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चार प्रमुख सवालों के जवाब मांगे हैं। संगठन जानना चाहता है कि पिछले छह महीनों में भारत सरकार के आदेश पर कितने भारतीय सोशल मीडिया अकाउंट्स प्रतिबंधित किए गए और उनमें से कितने अभी भी प्रतिबंधित हैं।इसके अलावा राहुल गांधी का उल्लेख करने वाली या मोदी सरकार की आलोचना करने वाली पोस्ट पर कथित ऑटोमेटेड प्रतिबंधों को लेकर भी जवाब मांगा गया है। IYC ने भारत में कंटेंट मॉडरेशन से जुड़े फैसलों की पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रतिबंधित अकाउंट्स के लिए शिकायत एवं अपील की व्यवस्था पर भी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।
उदय भानु चिब बोले- अभिव्यक्ति की आजादी का सवाल
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि अभियान को मिल रहा अंतरराष्ट्रीय मीडिया का ध्यान बताता है कि डिजिटल युग में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की लड़ाई केवल भारत तक सीमित नहीं है। उन्होंने मेटा से नागरिकों के सवालों का स्पष्ट जवाब देने और सभी राजनीतिक विचारों के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की।वहीं, राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा ने कहा कि यह मामला किसी एक सोशल मीडिया अकाउंट तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों के स्वतंत्र रूप से अपनी बात रखने के अधिकार से जुड़ा है। उन्होंने कंपनी से कंटेंट मॉडरेशन नीतियों की स्पष्ट व्याख्या करने और संबंधित आंकड़े सार्वजनिक करने की अपील की।

कल गुरुग्राम में मेटा मुख्यालय के बाहर होगा हल्ला बोल
डिजिटल आजादी अभियान को आगे बढ़ाते हुए युवा कांग्रेस ने 29 नवंबर को गुरुग्राम स्थित मेटा इंडिया मुख्यालय के बाहर ‘हल्ला बोल’ प्रदर्शन आयोजित करने का ऐलान किया है। प्रदर्शन का नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब करेंगे।इस कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के नेता शामिल होंगे। प्रदर्शन के दौरान संगठन के नेता मीडिया को भी संबोधित करेंगे। अब सबकी नजरें इस बात पर रहेंगी कि युवा कांग्रेस के अल्टीमेटम और विरोध प्रदर्शन के बाद मेटा की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

