Delimitation Bill : परिसीमन विधेयक को लेकर देशभर में राजनीतिक बहस जारी है। इस बीच तमिलनाडु की राजनीति में भी नया विवाद खड़ा हो गया है। तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने संशोधित परिसीमन प्रस्ताव का समर्थन करने का ऐलान किया है। स्टालिन के मुताबिक, केंद्र सरकार ने उनकी पार्टी की प्रमुख मांगों को नए प्रस्ताव में शामिल किया है। इसी वजह से डीएमके अब इस विधेयक के समर्थन में है। उन्होंने इसे वर्ष 2024 से पार्टी की ओर से किए जा रहे लगातार संघर्ष की जीत बताया है। हालांकि, उनके इस फैसले के बाद अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने डीएमके पर तीखा हमला बोला है।
स्टालिन की RSS वर्दी में मॉर्फ्ड तस्वीर शेयर कर TVK का तंज
एमके स्टालिन के परिसीमन बिल का समर्थन करने के फैसले से नाराज TVK की आईटी विंग ने सोशल मीडिया पर एक विवादित पोस्ट साझा की है। इसमें स्टालिन की मॉर्फ्ड तस्वीर दिखाई गई है, जिसमें उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की वर्दी पहने हुए दिखाया गया है।इस तस्वीर के साथ पार्टी ने कैप्शन लिखा, ‘Stalin, aka Savarkar 2.0’। इस पोस्ट के जरिए TVK ने स्टालिन के राजनीतिक रुख में बदलाव पर निशाना साधने की कोशिश की। पार्टी का आरोप है कि डीएमके ने पहले जिस विधेयक का विरोध किया था, अब उसी के संशोधित स्वरूप का समर्थन करके अपना रुख बदल लिया है।

उदयनिधि स्टालिन को भी RSS सदस्य दिखाकर साधा निशाना
TVK की आईटी विंग ने केवल एमके स्टालिन पर ही निशाना नहीं साधा, बल्कि उनके बेटे और तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन को लेकर भी एक एनिमेटेड पोस्ट शेयर की। इस पोस्ट में पिता और बेटे दोनों को RSS सदस्य के रूप में शपथ लेते हुए दिखाया गया है।इसके साथ पार्टी ने तंज कसते हुए लिखा कि दोनों पूरी तरह ‘संघी’ हो गए हैं। सोशल मीडिया पर इस पोस्ट को डीएमके के पुराने राजनीतिक रुख और वर्तमान फैसले के बीच विरोधाभास दिखाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

TVK ने डीएमके के बदले रुख पर उठाए सवाल
TVK पहले भी डीएमके से परिसीमन विधेयक को लेकर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग कर चुकी थी। पार्टी ने सवाल उठाया था कि क्या डीएमके के सांसद प्रस्तावित विधेयक के खिलाफ मतदान करेंगे या नहीं। अब स्टालिन के समर्थन की घोषणा के बाद TVK को डीएमके पर हमला करने का नया मुद्दा मिल गया है।पार्टी ने एक अन्य पोस्ट में तमिल भाषा के शब्दों का इस्तेमाल करते हुए लिखा, ‘Sanatanam alla… Son-dhanam…’। इसे डीएमके की विचारधारा और परिवारवाद पर राजनीतिक कटाक्ष माना जा रहा है।
स्टालिन ने बताई परिसीमन समर्थन की दो बड़ी वजहें
एमके स्टालिन ने संशोधित परिसीमन प्रस्ताव को तमिलनाडु के लिए बड़ी जीत बताया है। उन्होंने कहा कि डीएमके वर्ष 2024 से इस मुद्दे पर लगातार संघर्ष कर रही थी। पार्टी की दो प्रमुख मांगों को नए प्रस्ताव में लिखित रूप से शामिल किया गया है।डीएमके की पहली मांग है कि लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी सीटों की संख्या बढ़ने के बाद भी बरकरार रखी जाए। दूसरी मांग है कि राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात वर्ष 1971 की जनगणना के आधार पर अगले 25 वर्षों तक सुरक्षित रखा जाए।

लोकसभा सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव
संशोधित प्रस्ताव में सभी राज्यों की लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने की बात कही गई है। डीएमके का दावा है कि इससे तमिलनाडु की मौजूदा हिस्सेदारी सुरक्षित रहेगी और राज्य को अतिरिक्त लोकसभा सीटें भी मिल सकेंगी। पार्टी इसी आधार पर नए प्रस्ताव का समर्थन कर रही है।
30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र
परिसीमन विधेयक पर चर्चा और आगे की कार्रवाई के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर 2026 से और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी। ऐसे में अब सबकी नजरें संसद की कार्यवाही और राजनीतिक दलों के रुख पर टिकी हैं।

