Parliament Winter Session 2026 : संसद के आगामी सत्र को लेकर केंद्र सरकार में गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों को 15 दिसंबर से पहले संसद का सत्र बुलाए जाने की संभावना के मद्देनजर तैयार रहने का निर्देश दिया है। पीएम ने मंत्रियों को सलाह दी है कि वे सत्र से पहले विदेश यात्राओं से बचें और दिल्ली में अपनी उपलब्धता सुनिश्चित करें। इससे संकेत मिल रहे हैं कि सरकार दिसंबर के पहले पखवाड़े में संसद का शीतकालीन सत्र आयोजित कर सकती है।
कैबिनेट बैठक में हुई संसद सत्र की तैयारियों पर चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में संसद के अगले सत्र को लेकर भी चर्चा हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री ने 15 दिसंबर से पहले सत्र बुलाए जाने की संभावना जताई। हालांकि, सत्र की आधिकारिक तारीख और अवधि पर अंतिम फैसला संसदीय मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति करेगी। पीएम मोदी ने सभी मंत्रियों से अपने मंत्रालयों से संबंधित तैयारियां पूरी रखने को कहा है, ताकि संसद की कार्यवाही के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

103 दिन बाद भी मानसून सत्र का सत्रावसान नहीं
संसद के मानसून सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुए 103 दिन बीत चुके हैं, लेकिन बुधवार रात तक औपचारिक सत्रावसान की घोषणा नहीं हुई थी। लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की गई थीं। विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है कि मानसून सत्र का सत्रावसान किए बिना शीतकालीन सत्र बुलाने में देरी क्यों हो रही है। इस घटनाक्रम ने संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने की अटकलों को भी हवा दी है। राजनीतिक गलियारों में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक को लेकर चर्चाएं तेज हैं।

महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक पर रहेंगी निगाहें
आगामी सत्र में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या केंद्र सरकार परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक को दोबारा पेश करेगी। संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत जरूरी है। 543 सीटों वाली लोकसभा में यह आंकड़ा 361 सदस्यों का है। फिलहाल तीन सीटें खाली होने के कारण सदन में 540 सदस्य हैं। एनडीए के पास करीब 320 सांसदों का समर्थन बताया जा रहा है। ऐसे में सरकार को विधेयक पारित कराने के लिए विपक्ष के कुछ दलों का साथ लेना पड़ सकता है।
राजनीतिक बदलाव से सरकार को मिल सकती है मजबूती
अप्रैल में लोकसभा में विधेयक पारित नहीं हो सका था। इसके बाद विपक्षी खेमे में राजनीतिक बदलाव देखने को मिले हैं। तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों ने अलग होकर नेशनलिस्ट सिटीजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) का रुख किया और एनडीए को समर्थन देने का भरोसा जताया। वहीं, उद्धव ठाकरे गुट के छह सांसद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए। इन बदलावों से सरकार को उम्मीद जरूर है, लेकिन दो-तिहाई बहुमत के लिए उसे अतिरिक्त समर्थन की जरूरत बनी हुई है।

एसआईआर के मुद्दे पर विपक्ष कर सकता है हंगामा
दूसरी ओर, विपक्षी दलों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। विपक्ष मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठा रहा है। ऐसे में संसद के आगामी सत्र में इस मुद्दे पर हंगामा होने की आशंका है। सत्ता पक्ष के एक सांसद के मुताबिक, जब तक सदन की कार्यवाही सुचारू नहीं चलेगी, तब तक संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा और मतदान कराना मुश्किल होगा।
लोकसभा सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव पर भी विचार
सरकार परिसीमन को लेकर दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंताओं को दूर करने के विकल्पों पर भी विचार कर रही है। एक प्रस्ताव के तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने की संभावना है। साथ ही 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखने का विचार भी सामने आया है। हालांकि, इस प्रस्ताव पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। 17 अप्रैल को विशेष सत्र में पेश संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 को पर्याप्त समर्थन नहीं मिला था। ऐसे में आगामी शीतकालीन सत्र में सरकार के सामने राजनीतिक समर्थन जुटाने और विधेयक का भविष्य तय करने की बड़ी चुनौती होगी।

