Surajpur News : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में नाबालिग बालिका की खरीद-फरोख्त का गंभीर मामला सामने आया है। बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के बाद मध्यप्रदेश में 60 हजार रुपये में बेचने का मामला उजागर हुआ है। सूरजपुर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर मध्यप्रदेश के सागर जिले से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल स्कूटी और बिक्री की रकम में से बचे छह हजार रुपये भी बरामद किए हैं।
अंबिकापुर जाने की बात कहकर घर से निकली थी बालिका
पुलिस के मुताबिक, सूरजपुर थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी 24 नवंबर 2026 को दोपहर करीब दो बजे सीमा पति अशोक रजक के साथ अंबिकापुर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। शाम छह बजे तक जब बेटी वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में धारा 137(2), 143(2) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों से मध्यप्रदेश में मिली बालिका की लोकेशन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने विशेष टीम गठित कर बालिका की तलाश शुरू कराई। तकनीकी संसाधनों और विवेचना के दौरान पुलिस को बालिका के मध्यप्रदेश के सागर जिले के थाना जैसीनगर अंतर्गत ग्राम चकेरी में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल मध्यप्रदेश रवाना हुई और ग्राम चकेरी में शैतान सिंह के घर से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
60 हजार रुपये में बेचने का खुलासा, पहले भी हुई थी खरीद-फरोख्त
पुलिस पूछताछ में बालिका ने बताया कि सीमा सिंह ने उसे शैतान सिंह को 60 हजार रुपये में बेच दिया था। इसके बाद शैतान सिंह ने कैलाश सिंह और एक अन्य व्यक्ति को भी उसे बेचने की बात बताई।

बालिका ने यह भी बताया कि इससे पहले शारदा सिंह ने उसे 80 हजार रुपये में शैतान सिंह को बेचा था। हालांकि, उस समय वह रास्ते में अनूपपुर रेलवे स्टेशन से भागने में सफल हो गई थी। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
दो महिलाओं समेत चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में शैतान सिंह (30 वर्ष), कैलाश सिंह डांगी (65 वर्ष), सीमा सिंह उर्फ श्यामवती सिंह (27 वर्ष) और शारदा मलिक (33 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। इनमें शैतान सिंह और कैलाश सिंह मध्यप्रदेश के सागर जिले के निवासी हैं, जबकि सीमा सिंह सूरजपुर और शारदा मलिक चिरमिरी क्षेत्र की निवासी है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया है।
मोबाइल, स्कूटी और छह हजार रुपये बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से बातचीत में इस्तेमाल किए गए चार मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक CG 29 AH 8430 और बिक्री की रकम में से शेष बचे छह हजार रुपये बरामद किए हैं। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और सीएसपी विशाल गर्ग के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सूरजपुर प्रहलाद यादव सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

