Rahul Gandhi Delimitation Bill : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को परिसीमन बिल और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक संसद से पहले ही पारित हो चुका है। ऐसे में इसे लागू करने के नाम पर परिसीमन की नई प्रक्रिया शुरू करना उचित नहीं है। राहुल ने आरोप लगाया कि सरकार महिला आरक्षण को बहाना बनाकर देश के चुनावी नक्शे में बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है।
चुनावों में धांधली के आरोप, जनता के जागरूक होने का दावा
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा पिछले दस वर्षों से वोट चोरी के जरिए चुनाव जीत रही है। उन्होंने कहा कि अब चुनावों में कथित हेराफेरी को लेकर जनता जागरूक हो चुकी है। राहुल के मुताबिक, कांग्रेस की पोलिंग में दावा किया गया है कि देश के 80 प्रतिशत लोग और 100 प्रतिशत जेनरेशन जेड मानते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार चुनाव प्रभावित करते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने वोट चोरी रोकने का रास्ता बंद किया है, लेकिन अब सरकार नई योजना के जरिए दूसरा रास्ता तलाश रही है।

14 करोड़ मतदाताओं को लेकर चुनाव आयोग से सवाल
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में मतदान करने वाले 14 करोड़ मतदाताओं को चुनाव आयोग ने अवैध बताया है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि इतने मतदाता फर्जी थे, तो क्या 2024 का लोकसभा चुनाव भी अवैध माना जाएगा? राहुल ने कहा कि इस मुद्दे पर चुनाव आयोग से जवाब मांगा गया, लेकिन अब तक कोई स्पष्ट उत्तर नहीं मिला है।

बिहार से महाराष्ट्र तक वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप
राहुल गांधी ने बिहार में मतदाता सूची से नाम हटाने, असम में भाजपा के हिसाब से राज्य का पुनर्गठन करने और पश्चिम बंगाल में 100 से अधिक सीटों पर कथित चुनावी चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने कर्नाटक में फर्जी मतदान, महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव के तीन महीने बाद चुनावी नतीजे पलटने और मध्य प्रदेश तथा हरियाणा में मतदाताओं के नाम जोड़ने का भी दावा किया। उन्होंने मतदाता सूची में एक ब्राजीलियन मॉडल का नाम मिलने का जिक्र करते हुए चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
850 लोकसभा सीटों को लोकतंत्र के लिए बताया खतरा
राहुल गांधी ने कहा कि सरकार लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर 850 करना चाहती है। उनके अनुसार, यह संख्या लोकतंत्र को कमजोर करने की योजना का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन के जरिए निर्वाचन क्षेत्रों का पूरा नक्शा दोबारा तैयार किया जाएगा, जिससे सत्तारूढ़ दल को अपनी राजनीतिक जरूरतों के अनुसार सीटों की सीमाएं तय करने का अवसर मिल सकता है।

परिसीमन आयोग की संरचना पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेता ने प्रस्तावित परिसीमन आयोग की संरचना पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आयोग में तीन सदस्य होंगे। उनके दावे के मुताबिक, पहले सदस्य के रूप में सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश का चयन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। दूसरे सदस्य मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार होंगे, जबकि तीसरे सदस्य का चयन ज्ञानेश कुमार करेंगे। राहुल ने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था से आयोग पर सरकार का प्रभाव बढ़ जाएगा।
आयोग को मिली शक्तियों पर संविधान की हत्या का आरोप
राहुल गांधी ने दावा किया कि परिसीमन आयोग के फैसलों को अदालत में चुनौती देने का रास्ता बंद रहेगा और ज्ञानेश कुमार को विशेष इम्युनिटी दी गई है। उन्होंने इसे लोकतंत्र तथा संविधान के लिए गंभीर खतरा बताया। राहुल ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के बाद अब परिसीमन आयोग को भी सरकार के नियंत्रण में लाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उनके पास ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पर्याप्त जानकारी है, जिसे जल्द सार्वजनिक किया जाएगा।
जाति जनगणना और सामाजिक न्याय पर भी जताई चिंता
राहुल गांधी ने कहा कि परिसीमन में 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल सामाजिक न्याय को प्रभावित कर सकता है। उनके मुताबिक, इससे ओबीसी, दलित और आदिवासी समुदायों की आबादी बढ़ने के बावजूद राजनीतिक प्रतिनिधित्व में अपेक्षित वृद्धि नहीं होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे इन वर्गों के अधिकारों पर असर पड़ेगा और आने वाले कई दशकों तक सामाजिक न्याय का मुद्दा पीछे छूट सकता है।
महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस की अलग मांग
राहुल गांधी ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पहले ही पारित हो चुका है और इसे मौजूदा 543 लोकसभा सीटों के आधार पर लागू किया जा सकता है। कांग्रेस की मांग है कि वर्तमान सीटों में एक-तिहाई आरक्षण महिलाओं को दिया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा 850 सीटों के आधार पर आरक्षण लागू करने की बात करके असली मुद्दे से ध्यान भटका रही है। राहुल ने कहा कि सरकार को राज्यों के प्रतिनिधित्व, जाति जनगणना या महिला सशक्तीकरण से अधिक दिलचस्पी लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने में है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी इस पूरी प्रक्रिया के जरिए अपने लिए एक तरह का ‘ब्लैंक चेक’ चाहते हैं।

