Delimitation Bill : महाराष्ट्र की राजनीति में परिसीमन बिल को लेकर घमासान तेज हो गया है। महाराष्ट्र विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख शरद पवार से इस बिल का समर्थन नहीं करने की अपील की है। रविवार को नागपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए पवार साहब को परिसीमन बिल के खिलाफ अपना रुख रखना चाहिए। वडेट्टीवार ने यहां तक कहा कि अगर शरद पवार इस बिल का समर्थन नहीं करते हैं तो वह सार्वजनिक रूप से उनके पैरों पर सिर रखकर माफी मांगने को तैयार हैं।
परिसीमन बिल पर शरद पवार से समर्थन नहीं देने की अपील
विजय वडेट्टीवार ने कहा कि कांग्रेस के नेता शरद पवार से मुलाकात कर उन्हें परिसीमन बिल के संभावित परिणामों के बारे में समझाने की कोशिश करेंगे। उनकी अपील होगी कि पवार इस विधेयक का समर्थन न करें और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को बचाने में विपक्ष का साथ दें।उन्होंने कहा कि शरद पवार के बयान से पहले उनके आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर इस मुद्दे को लेकर कुछ जानकारी सामने आई थी। इसके अलावा एनसीपी नेता जितेंद्र आव्हाड ने भी बिल को समर्थन देने के फैसले की बात कही थी। इसी आधार पर उन्होंने जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए अपना बयान दिया था।

पवार के खिलाफ नहीं था बयान, जरूरत पड़ी तो मांगूंगा माफी
वडेट्टीवार ने स्पष्ट किया कि उनका बयान किसी का दिल दुखाने के उद्देश्य से नहीं था। उन्होंने कहा कि शरद पवार अगर उनसे कुछ कहेंगे तो वह सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि पवार के प्रति उनके मन में सम्मान हमेशा बना रहेगा।कांग्रेस नेता ने शरद पवार की धर्मनिरपेक्ष विचारधारा की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने लंबे समय तक शिव, फुले, शाहू और आंबेडकर के विचारों को आगे बढ़ाया है। राजनीतिक परिस्थितियों में बदलाव के बावजूद पवार ने अपनी विचारधारा कायम रखी है। वडेट्टीवार ने यहां तक कहा कि अगर पवार परिसीमन बिल का समर्थन नहीं करते तो वह राजनीति छोड़ने तक के लिए तैयार हैं।

राहुल गांधी ने परिसीमन के खतरे को लेकर जताई चिंता
विजय वडेट्टीवार ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने परिसीमन के संभावित प्रभावों को लेकर विस्तार से अपनी बात रखी है। उनके मुताबिक, यदि लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 कर दी जाती हैं तो इसका असर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर पड़ सकता है।वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि परिसीमन के जरिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव करके राजनीतिक फायदा उठाने की योजना बनाई जा सकती है। उन्होंने दावा किया कि इससे भविष्य के चुनावों में विपक्ष के लिए मुकाबला कठिन हो सकता है। उन्होंने असम और बिहार में निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन को लेकर भी सवाल उठाए।
2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन का विरोध
कांग्रेस नेता ने परिसीमन की प्रक्रिया में 2011 की जनगणना को आधार बनाए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने सवाल किया कि जब 2027 की जनगणना की प्रक्रिया चल रही है तो नई जनगणना के आंकड़ों का इंतजार क्यों नहीं किया जा रहा है।उनका कहना है कि 2011 के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन होने से अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों की संख्या में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हो पाएगी। वहीं, नई जनगणना के आधार पर सीटों का निर्धारण होने से इन वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना बढ़ सकती है।

महिला आरक्षण बिल को लेकर बीजेपी पर साधा निशाना
विजय वडेट्टीवार ने महिला आरक्षण बिल को लेकर भी बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण से संबंधित विधेयक पहले ही संसद से पारित हो चुका है। ऐसे में सरकार इसे लागू करने में देरी क्यों कर रही है?उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी महिला आरक्षण के मुद्दे को परिसीमन बिल के समर्थन में इस्तेमाल कर रही है। वडेट्टीवार ने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है, बल्कि वह परिसीमन की प्रक्रिया और उसके संभावित राजनीतिक परिणामों पर सवाल उठा रही है।
बीजेपी की जीत और चुनावी प्रक्रिया को लेकर वडेट्टीवार का दावा
कांग्रेस नेता ने आशंका जताई कि परिसीमन के बाद निर्वाचन क्षेत्रों की संरचना में बदलाव से चुनावी मुकाबले पर असर पड़ सकता है। उन्होंने दावा किया कि अगर उनकी आशंकाएं सही साबित हुईं तो बीजेपी कई सीटों पर निर्विरोध जीत हासिल करने की स्थिति में पहुंच सकती है।वडेट्टीवार ने कहा कि यह केवल सीटें बढ़ाने का मामला नहीं है, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया से जुड़ा विषय है। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस नेताओं की शरद पवार से मुलाकात का उद्देश्य उन्हें परिसीमन बिल का समर्थन नहीं करने के लिए मनाना होगा। हालांकि, इस मुद्दे पर शरद पवार का अंतिम रुख और आगे की राजनीतिक रणनीति क्या होगी, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

