Surguja Olympics 2026: छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026-27 के समापन समारोह में फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन की खेल अकादमियां स्थापित करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा के ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है। सरकार का लक्ष्य उन्हें आधुनिक सुविधाएं, बेहतर प्रशिक्षण और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के अवसर उपलब्ध कराना है।
सरगुजा ओलंपिक के समापन समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026-27 के समापन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को पुरस्कृत किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों की प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच है। खेलों के माध्यम से युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

4.16 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरगुजा ओलंपिक के प्रति युवाओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। पिछले आयोजन में करीब साढ़े तीन लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था, जबकि इस बार यह संख्या बढ़कर 4 लाख 16 हजार से अधिक हो गई है।इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि बालिकाओं की उत्साहजनक भागीदारी रही। विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं के जरिए दूरस्थ गांवों और वनांचलों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करते हैं।

सरगुजा में बनेंगी तीन खेल अकादमियां
मुख्यमंत्री साय ने सरगुजा संभाग के खिलाड़ियों को बड़ी सौगात देते हुए फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन की अकादमियां स्थापित करने की घोषणा की। इन अकादमियों में खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं, विशेषज्ञ प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी व्यवस्था विकसित करना चाहती है, जिसमें खिलाड़ियों को प्रतिभा पहचान से लेकर प्रशिक्षण, प्रतियोगिता, प्रोत्साहन और रोजगार तक के अवसर मिल सकें। इससे सरगुजा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का नाम रोशन कर सकेंगे।
खेल सुविधाओं के विकास पर हर साल 100 करोड़ रुपये खर्च
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के तहत राज्य के बजट में प्रतिवर्ष 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।नवा रायपुर और जशपुर में तीरंदाजी अकादमी, बस्तर में आवासीय खेल अकादमी तथा वन डिस्ट्रिक्ट वन स्पोर्ट्स योजना के तहत विभिन्न जिलों में प्रशिक्षण केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। नवा रायपुर में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण भी जारी है।

ओलंपिक पदक विजेताओं को मिलेंगे तीन करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य खेल अलंकरण के माध्यम से अब तक 1,143 खिलाड़ियों को लाभान्वित किया गया है। वहीं, 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित कर शासकीय सेवा में अवसर उपलब्ध कराने की पहल की गई है।उन्होंने कहा कि ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 21 लाख रुपये प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है। इसके अलावा स्वर्ण पदक विजेता को 3 करोड़, रजत पदक विजेता को 2 करोड़ और कांस्य पदक विजेता को 1 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने संजू देवी और ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।
11 खेलों में तीन दिनों तक हुए रोमांचक मुकाबले
‘खेले बर आगू आहू, सरगुजा के मान बढ़ाहू’ के संदेश के साथ आयोजित सरगुजा ओलंपिक में तीन दिनों तक 11 खेल विधाओं में मुकाबले हुए। संभाग के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल भावना का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में आकर्षक मार्च पास्ट भी आयोजित किया गया।इस मौके पर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

