Gaza War Ceasefire : अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के चार वरिष्ठ डेमोक्रेटिक सदस्यों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को एक पत्र भेजकर गाजा में जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए सभी पक्षों को बातचीत की मेज पर लाने का आग्रह किया है। यह पत्र शुक्रवार (1 अगस्त) को भेजा गया।

सांसदों ने युद्ध को बताया मानवीय संकट
तुर्की की समाचार एजेंसी अनादोलु के अनुसार, ग्रेगरी मीक्स, रोजा डेलाउरो, जिम हाइम्स और जेमी रस्किन ने अपने पत्र में लिखा कि गाजा में युद्ध ने मानवीय संकट को गंभीर रूप दे दिया है और यह भू-राजनीतिक अस्थिरता तथा सभी शामिल पक्षों के लिए खतरा बन गया है। उन्होंने अमेरिकी प्रशासन से कहा है कि इस संघर्ष को तत्काल, न्यायसंगत और स्थायी रूप से समाप्त करने के लिए पूरी ताकत से प्रयास करें।

सांसदों का मानना है कि इज़राइल के सैन्य लक्ष्य पहले ही पूरे हो चुके हैं
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि “इज़राइल के प्राथमिक सैन्य उद्देश्य पहले ही पूरे हो चुके हैं।” उन्होंने चेतावनी दी कि युद्ध जारी रहने से न केवल क्षेत्रीय तनाव और मानवीय संकट बढ़ेंगे, बल्कि इससे इज़राइल और फ़िलिस्तीन दोनों की दीर्घकालिक सुरक्षा कमजोर हो जाएगी।
सभी संबंधित पक्षों को बातचीत की मेज पर लौटाने का आग्रह
पत्र में सांसदों ने कहा कि अब समय आ गया है कि इज़राइल, फ़िलिस्तीनी नेता, क्षेत्रीय साझेदार, अमेरिका और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ को बिना किसी देरी के वार्ता पुनः शुरू करने के लिए एक साथ काम करना चाहिए। उन्होंने ट्रम्प से आग्रह किया कि वह स्थायी युद्धविराम को अपनी कूटनीति का प्राथमिक लक्ष्य बनाएं।
गाजा को हमास से मुक्त कर फ़िलिस्तीनी नागरिक नियंत्रण में लौटाने की मांग
सांसदों ने कहा कि गाजा को हमास के प्रभाव से बाहर निकालकर वहां के फ़िलिस्तीनी नागरिकों के नियंत्रण में वापस लाया जाना चाहिए। उन्होंने किसी भी प्रकार के जबरन विस्थापन की योजना को भी पूरी तरह से अस्वीकार करने का जोर दिया।सांसदों ने पत्र में याद दिलाया कि 7 अक्टूबर 2023 को हमास के लड़ाकों ने इज़राइल पर घातक हमला किया था, जिसमें 1,200 लोग मारे गए और 251 बंधक बनाए गए थे। इस हमले के बाद इज़राइल ने गाजा में सैन्य अभियान शुरू किया था।
15 महीने बाद युद्धविराम और फिर पुनः सैन्य अभियान
इज़राइली सैन्य अभियान 15 महीने से अधिक चला। दबाव के बाद 19 जनवरी को गाजा में युद्धविराम लागू हुआ, लेकिन यह केवल दो महीने तक चला। 18 मार्च को आईडीएफ ने फिर से सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी। लगभग दो साल से जारी इस युद्ध में गाजा में 60,000 से ज्यादा फ़िलिस्तीनी मारे गए, जिनमें बड़ी संख्या महिलाओं और बच्चों की है। इसके साथ ही 148,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। मानवीय संकट गहरा हुआ है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंता बढ़ी है।
डेमोक्रेटिक सांसदों का पत्र अमेरिकी प्रशासन के लिए स्पष्ट संदेश है कि गाजा संघर्ष को जल्द से जल्द कूटनीतिक रास्ते से हल करने की जरूरत है, ताकि मानवीय त्रासदी को रोका जा सके और क्षेत्रीय स्थिरता कायम हो सके।
Read More : Russia Ukraine War : यूक्रेन के एक और गांव पर रूस का कब्जा, डोनेट्स्क में जारी है संघर्ष










