Rahul Gandhi : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि देश में चुनाव प्रक्रिया में व्यापक धांधली हो रही है। दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची में भारी अनियमितताएं हैं और फर्जी वोट डाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आयोग जानबूझकर पारदर्शिता से बच रहा है और भाजपा के साथ मिलीभगत कर रहा है।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र चुनाव में 1 करोड़ से अधिक नए वोटर जोड़े गए, जिनमें से अधिकांश आखिरी 5 महीनों में जोड़े गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि कैसे इतने कम समय में इतनी बड़ी संख्या में मतदाता जुड़ सकते हैं? उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में गठबंधन जीतता है, लेकिन विधानसभा चुनाव में एकदम से पराजय हो जाती है – यह अपने आप में संदिग्ध है।

प्रेजेंटेशन के जरिए राहुल गांधी ने कई उदाहरण भी पेश किए। उन्होंने दिखाया कि कई वोटर पर्चियों में मतदाताओं की फोटो ही नहीं है या फोटो बहुत छोटी है। कई जगहों पर मतदाता का नाम अधूरा या गलत है। एक ही घर में 80 वोटर दिखाए गए हैं, ऐसे 10,452 मामले उन्होंने गिनाए।
उन्होंने कुछ आंकड़े भी साझा किए:
डुप्लीकेट मतदाता: 11,965
फर्जी पते: 40,009
एक पते पर कई वोटर: 10,452
राहुल गांधी ने बताया कि कुछ लोगों के नाम कई राज्यों की वोटर लिस्ट में दर्ज हैं – जैसे महाराष्ट्र, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश में एक ही व्यक्ति के वोट। उन्होंने इसे “वोटों की चोरी” करार दिया।
सबसे बड़ा सवाल राहुल ने यह उठाया कि चुनाव आयोग राजनीतिक दलों को वोटर लिस्ट का इलेक्ट्रॉनिक डेटा क्यों नहीं देता। उनका कहना था कि यदि डेटा डिजिटल रूप में दिया जाए तो विश्लेषण करना आसान होगा और धांधली तुरंत पकड़ी जा सकती है। उन्होंने कहा, “कागज के 7 फुट लंबे दस्तावेज़ से किसी डुप्लीकेट वोटर की पहचान करना बेहद मुश्किल है। आयोग जानबूझकर यह कठिन बना रहा है।”
हरियाणा में कांग्रेस की हार को लेकर भी राहुल गांधी ने कहा कि यह हार वोटर लिस्ट में गड़बड़ियों की वजह से हुई है। उन्होंने चुनाव आयोग से पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि आयोग को सभी राजनीतिक दलों को मतदाता सूची का इलेक्ट्रॉनिक डेटा उपलब्ध कराना चाहिए।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस ने देश की चुनाव प्रक्रिया को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। अब देखना होगा कि चुनाव आयोग राहुल गांधी के इन आरोपों पर क्या जवाब देता है।
रिपोर्ट: डिजिटल डेस्क










