Naxal commander arrest: राजनांदगांव जिले के नक्सल प्रभावित मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। बुधवार देर शाम मदनवाड़ा थाना क्षेत्र के खुर्सेकला जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें सुरक्षाबलों ने 8 लाख रुपये के इनामी नक्सली कमांडर श्रीकांत पुनेम को गिरफ्तार कर लिया। श्रीकांत पुनेम औंधी-मोहला संयुक्त एरिया कमेटी का कमांडर और DVC (डिवीजनल कमेटी) का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है।

कई घंटों चली मुठभेड़
पुलिस सूत्रों के अनुसार, खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों ने क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। बुधवार शाम खुर्सेकला के घने जंगलों में पुलिस टीम और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई, जो कई घंटों तक चली। इस दौरान बाकी नक्सली जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए, लेकिन सुरक्षाबलों ने श्रीकांत पुनेम को धर दबोचा।

हथियार और नकदी बरामद
गिरफ्तार नक्सली के पास से 9 एमएम पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, दो खोखे, एक मोबाइल फोन, 11 हजार रुपये नकद और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने नक्सली की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि श्रीकांत पुनेम लंबे समय से इलाके में सक्रिय था और कई हिंसक घटनाओं में शामिल रहा है।
लंबे समय से था फरार
श्रीकांत पुनेम की तलाश सुरक्षा एजेंसियों को लंबे समय से थी। उस पर हत्या, लूट, पुलिस पर हमले और धमकी देने जैसे कई संगीन अपराधों में संलिप्त होने के आरोप हैं। उसकी गिरफ्तारी को सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी कामयाबी बताया है।
क्षेत्र में बढ़ी सुरक्षा
घटना के बाद पूरे जंगल क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है ताकि अन्य नक्सलियों की मौजूदगी का पता लगाया जा सके। सुरक्षा बलों ने आसपास के गांवों में चौकसी बढ़ा दी है और ग्रामीणों से संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी देने की अपील की है।
राजनांदगांव जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे लगातार अभियानों के बीच यह गिरफ्तारी नक्सल नेटवर्क को एक बड़ा झटका मानी जा रही है। पुलिस की रणनीतिक योजना और सक्रियता से नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
Read More : Chhattisgarh 375 crore grant : छत्तीसगढ़ को केंद्र से 375 करोड़ की सौगात, बनेगीं 715 सड़कें और 100 पुल











