Balrampur News : बलरामपुर जिले के स्कूल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। प्राथमिक शाला कंजिया में पढ़ने वाली कक्षा दूसरी की 7 वर्षीय छात्रा को प्रधान पाठक द्वारा डंडे से पीटने का आरोप लगा है। घटना में बच्ची की जांघ पर चोट आई, जिसके बाद परिजनों ने उसे अंबिकापुर के संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया।

मामले की शिकायत विकासखंड शिक्षा अधिकारी शंकरगढ़ जय गोविंद तिवारी ने थाना शंकरगढ़ में दर्ज कराई। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 112/2025, धारा 115 (2) भारतीय न्याय संहिता एवं किशोर न्याय अधिनियम 2015 की धारा 75, 82 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

आरोपी प्रधान पाठक हीरालेआस टोप्पो (55 वर्ष), निवासी कंजिया नवापरा थाना शंकरगढ़ को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को विवेचना उपरांत न्यायालय में रिमांड के लिए पेश किया गया है।










