MCB News : मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले को स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में ऐतिहासिक तोहफा मिला है। छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने 220 बिस्तरों के अत्याधुनिक अस्पताल के निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस योजना पर 35 करोड़ 36 लाख 52 हजार रुपये व्यय किए जाएंगे।

वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट प्रावधान से मंजूरी जारी कर लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने स्पष्ट किया है कि अस्पताल भवन का निर्माण प्राथमिकता में होगा और शीघ्र कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।


स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा “मनेंद्रगढ़ लंबे समय तक स्वास्थ्य सुविधाओं की दृष्टि से उपेक्षित रहा है। जब प्रदेश में भाजपा की सरकार रही, तब यहां स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया गया। लेकिन कांग्रेस शासनकाल में मनेंद्रगढ़ को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया। आज भाजपा सरकार की संवेदनशीलता और संकल्प का ही परिणाम है कि यहां 220 बिस्तर का बड़ा अस्पताल बनने जा रहा है। हमारा लक्ष्य है कि प्रदेश के किसी भी हिस्से को उपेक्षित नहीं रहने दिया जाएगा।”
मंत्री ने आगे कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि धरातल पर काम कर जनता को राहत पहुंचाना है।










