Bengal Politics : पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर केंद्र और राज्य सरकार के बीच टकराव देखने को मिला है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता मेट्रो रेल परियोजना का उद्घाटन किया, लेकिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस कार्यक्रम से अनुपस्थित रहीं। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक पोस्ट लिखकर अपने रेल मंत्री और मुख्यमंत्री कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र किया। वहीं, विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने ममता पर तीखा हमला करते हुए उन्हें “झूठे दावे करने वाला नेता” करार दिया। ममता बनर्जी ने गिनाई अपनी उपलब्धियां ममता बनर्जी ने लिखा“आज मैं कुछ पुरानी यादों को जीना चाहती हूं। रेल मंत्री के तौर पर मुझे कोलकाता में मेट्रो रेलवे कॉरिडोर की श्रृंखला की योजना बनाने और स्वीकृति देने का अवसर मिला। मैंने योजनाएं तैयार कीं, वित्तीय संसाधन जुटाए, काम शुरू करवाया और यह सुनिश्चित किया कि शहर के अलग-अलग हिस्से मेट्रो नेटवर्क से जुड़ सकें। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी मैंने जमीन निशुल्क उपलब्ध करवाई, नई सड़कें बनवाईं और प्रभावित लोगों का पुनर्वास सुनिश्चित किया।”ममता ने कहा कि उनके लिए मेट्रो का यह विकास एक लंबी और भावनात्मक यात्रा रही है। शुभेंदु अधिकारी का पलटवार विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी अपने कार्यकाल में ठप पड़ी परियोजनाओं का श्रेय लेने की कोशिश कर रही हैं। अधिकारी ने कहा कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की व्यक्तिगत अपील के बावजूद ममता सहयोग के लिए तैयार नहीं हुईं। उन्होंने यह भी कहा कि मोदी सरकार ने पश्चिम बंगाल में रेलवे परियोजनाओं के लिए अभूतपूर्व वित्त पोषण किया है। अधिकारी के मुताबिक, यूपीए सरकार के दौरान जहां औसतन 4,380 करोड़ रुपये का बजट मिलता था, वहीं अब यह बढ़कर 13,955 करोड़ रुपये हो गया है। वर्तमान में राज्य में कुल 83,765 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाएं प्रगति पर हैं। ईस्ट-वेस्ट मेट्रो और देरी का मुद्दा शुभेंदु अधिकारी ने ममता सरकार को घेरते हुए कहा कि ईस्ट-वेस्ट मेट्रो परियोजना के सियालदह से एस्प्लेनेड खंड में लगातार देरी हो रही है। इसी तरह न्यू गरिया से एयरपोर्ट कॉरिडोर के लिए जरूरी एनओसी अभी तक लंबित है। उन्होंने कहा—“पीएम मोदी जहां ग्लोबल लेवल पर कनेक्टिविटी दे रहे हैं, वहीं आप बहानों के पीछे छिप रहे हैं। आपका योगदान जीरो है, बंगाल को झूठे दावों नहीं बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के विजन की जरूरत है।” टीएमसी का पलटवार भाजपा नेता के आरोपों पर टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को बंगाल में हार का डर सता रहा है, इसलिए झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। कुणाल घोष ने कहा“डबल इंजन सरकार वाले राज्यों में सिर्फ भ्रष्टाचार और महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं। पीएम मोदी पर गंभीर आरोप लगे हैं, लेकिन भाजपा उन पर चुप्पी साधे हुए है। साथ ही मोदी जी बंगाली भाषा का अपमान करते हैं और टेलीप्रॉम्प्टर से स्क्रिप्ट पढ़कर इसकी भरपाई करने की कोशिश करते हैं।” चुनावी सियासत का नया मुद्दा कोलकाता मेट्रो प्रोजेक्ट अब सिर्फ एक विकासात्मक योजना नहीं रहा, बल्कि यह भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव का नया मुद्दा बन गया है। जहां ममता बनर्जी अपने पुराने कामों का श्रेय लेने की कोशिश कर रही हैं, वहीं भाजपा इसे मोदी सरकार की उपलब्धि बताकर जनता के सामने पेश कर रही है।आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि मेट्रो प्रोजेक्ट का श्रेय किसके खाते में जाता है और इसका असर बंगाल की राजनीति और आने वाले चुनावों पर कैसा पड़ता है। Read More : Govinda Divorce Rumors : गोविंदा और सुनीता आहूजा के तलाक की अफवाहों पर मचा हंगामा, वायरल वीडियो में पत्नी बोलीं-‘वापस आ जा गोविंदा’














