Mallikarjun Kharge on BJP: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को भाजपा पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि “वोट चोरी” के बाद अब भाजपा “सत्ता चोरी” में जुट गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में पेश किया गया 130वां संविधान संशोधन विधेयक विपक्षी सरकारों को गिराने और लोकतंत्र को अस्थिर करने की एक साजिश है। खरगे की यह टिप्पणी हरियाणा और मध्य प्रदेश की जिला कांग्रेस कमेटियों के नए अध्यक्षों के साथ बैठक के दौरान सामने आई, जिसमें उन्होंने संगठन निर्माण, मतदाता अधिकार और लोकतंत्र की रक्षा पर जोर दिया।

भाजपा पर सत्ता हथियाने का आरोप
खरगे ने कहा, “भाजपा अब लोकतंत्र को गिरफ़्तारी और एजेंसियों के सहारे चलाना चाहती है। यह विधेयक विपक्षी सरकारों को गिराने और चुनी हुई सरकारों के अधिकार ईडी और सीबीआई को सौंपने की साजिश है।” उन्होंने चेताया कि इससे देश की संवैधानिक व्यवस्था को गहरी चोट पहुंचेगी। उन्होंने दावा किया कि जिन 193 विपक्षी नेताओं पर ईडी के मामले दर्ज हैं, उनमें से केवल दो को दोषी ठहराया गया है, जबकि कई मुख्यमंत्री और मंत्री बिना सबूत महीनों जेल में बंद रखे गए।

वोट चोरी, SIR और लोकतंत्र पर हमला
खरगे ने बिहार और मध्य प्रदेश में कथित वोट चोरी की घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि कैसे दो महीनों में 16 लाख नए वोटर अचानक जुड़ गए, जबकि 7 महीनों में सिर्फ 4 लाख ही जुड़े थे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा SIR (Special Intensive Revision) के ज़रिए मतदाता सूची से विपक्षी वोटरों के नाम काटने की योजना पर काम कर रही है। उन्होंने कहा, “जिला अध्यक्षों की जिम्मेदारी है कि वे मतदाता सूची की लगातार जांच करें और भाजपा के इस षड्यंत्र को रोकें। कांग्रेस ही वह पार्टी है जिसने देश को सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार का अधिकार दिलाया था।”
राहुल गांधी की “मतदाता अधिकार यात्रा” और जनजागरण
खरगे ने बताया कि राहुल गांधी बिहार में “मतदाता अधिकार यात्रा” निकाल रहे हैं, जिसमें लाखों लोग शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा घुसपैठियों की बात कर असल मुद्दों से ध्यान भटका रही है, जबकि असली सवाल जन प्रतिनिधित्व के अधिकार को बचाने का है।
संगठन निर्माण पर जोर, गुटबाज़ी से बचने की नसीहत
कांग्रेस अध्यक्ष ने 2025 को संगठन निर्माण का वर्ष घोषित करते हुए जिला अध्यक्षों से कहा कि वे ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर तक ईमानदार और विचारधारा से जुड़े लोगों की समितियाँ बनाएं। उन्होंने कहा, “गुटबाज़ी को पनपने न दें। जब कांग्रेस एकजुट रहेगी, तभी हम चुनाव जीतेंगे।” उन्होंने याद दिलाया कि पहले मंत्री किसी जिले में जाने से पहले वहां के जिला अध्यक्ष से अनुमति लेते थे, लेकिन अब ये परंपरा टूट गई है। इसे वापस लाना होगा। खरगे का यह बयान स्पष्ट करता है कि कांग्रेस अब संगठनात्मक रूप से मजबूत होकर भाजपा की रणनीति का मुकाबला करना चाहती है। उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा, मतदाता अधिकार और सत्ता की मर्यादा बनाए रखने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर लड़ने का आह्वान किया है।










